महिलाओं के नाम पर राजनीति बंद करे सरकार, महिला आरक्षण बिल तुरंत लागू हो : श्याम सुंदर बतरा
■भाजपा पर कांग्रेस नेता श्याम सुंदर बतरा ने कसा तंज
■ बोले - जब जी चाहे नई बाते बना लेते है लोग, एक चेहरे पर कई चेहरे लगा लेते हैं लोग
■ भाजपा का झूठा नकाब जान चुकी है जनता
■ चुनावो में इमोशनल कार्ड खेलना भाजपा की पुरानी आदत : बतरा
AIMA MEDIA HARYANA, यमुनानगर !
21April 2026 :
नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। यमुनानगर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर बतरा ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 19 सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला आरक्षण बिल संसद में सर्व सम्मति से पारित होने के बावजूद भाजपा ने आज तक इसे लागू नहीं किया, जिससे साफ है कि सरकार की मंशा महिलाओं को अधिकार देने की नहीं, बल्कि चुनावों में भावनात्मक लाभ लेने की है।
श्याम सुंदर बतरा ने कहा कि भाजपा हर चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे करती है और महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण की बातें करती है, लेकिन जब उन वादों को जमीन पर उतारने का समय आता है तो सरकार पीछे हट जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल को सिर्फ राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया, ताकि महिलाओं की सहानुभूति हासिल कर वोट बटोरे जा सकें।
उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार वास्तव में महिलाओं को बराबरी का हक देना चाहती तो बिल पारित होने के तुरंत बाद इसे लागू करती। लेकिन ऐसा न करके भाजपा ने यह साबित कर दिया है कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की बातें सिर्फ मंचों और भाषणों तक सीमित हैं।
बतरा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि यह सरकार चुनावों में “इमोशनल कार्ड” खेलने में माहिर है। कभी धर्म के नाम पर, कभी राष्ट्रवाद के नाम पर और अब महिलाओं के नाम पर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जब जी चाहे नई बाते बना लेते है लोग, एक चेहरे पर कई चेहरे लगा लेते हैं लोग*। उन्होंने कहा कि अब जनता भाजपा की इन चालों को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका करारा जवाब देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान देने और उन्हें अधिकार दिलाने की दिशा में काम किया है। कांग्रेस शासनकाल में महिलाओं के हित में कई योजनाएं और फैसले लिए गए, जबकि मौजूदा सरकार केवल घोषणाएं करने में लगी हुई है।
श्याम सुंदर बतरा ने मांग की कि यदि सरकार महिलाओं के प्रति ईमानदार है तो सर्व सम्मति से 2023 वर्ष में पास हुआ महिला आरक्षण बिल को तुरंत प्रभाव से लागू करे। उन्होंने कहा कि केवल कानून पास कर देना काफी नहीं है, उसे लागू करना ही असली नीयत को दर्शाता है।