logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा: सिमडेगा में 2 महिलाओं को ₹2 लाख की सहायता राशि प्रदान

सिमडेगा झारखंड सरकार द्वारा संचालित विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत सिमडेगा जिले में एक सकारात्मक पहल देखने को मिली। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त कंचन सिंह ने दो लाभुक महिलाओं को कुल ₹2 लाख की सहायता राशि (प्रत्येक को ₹1 लाख) का चेक प्रदान किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने दोनों महिलाओं को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, सुरक्षित एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज में व्याप्त पुरानी सोच और कुरीतियों को खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं को न केवल आर्थिक सहयोग मिलता है, बल्कि उन्हें सामाजिक सम्मान के साथ नई जिंदगी जीने का अवसर भी प्राप्त होता है।

उपायुक्त कंचन सिंह ने लाभुकों को सलाह दी कि वे इस सहायता राशि का उपयोग सोच-समझकर करें और इसे ऐसे कार्यों में निवेश करें, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना का मुख्य उद्देश्य विधवा महिलाओं को पुनर्विवाह के लिए प्रेरित करना, समाज में सकारात्मक बदलाव लाना तथा महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की कि वे इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लाभुक इसका लाभ उठा सकें और समाज में एक नई सोच का विकास हो सके।

उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद जगाने के साथ-साथ समाज में समानता और सम्मान की भावना को भी मजबूत कर रही है।

1
88 views

Comment