logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रोन्नत मध्य विद्यालय भागलपुरा में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, मानसिक स्वास्थ्य पर हुआ मंथन

धोरैया (बांका)। प्रोन्नत मध्य विद्यालय भागलपुरा में शनिवार को वर्ग प्रथम से पंचम तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के माता-पिता एवं अभिभावकों की उपस्थिति में मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण विषय पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सुनील कुमार मंडल एवं सहायक शिक्षिका सविता कुमारी ने की।
संगोष्ठी में बड़ी संख्या में उपस्थित माता-पिता एवं अभिभावकों को बच्चों के मानसिक एवं भावनात्मक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की मानसिक एवं भावनात्मक आवश्यकताओं के प्रति अभिभावकों को जागरूक बनाना, घर में सकारात्मक एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण विकसित करना, बच्चों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाना एवं शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना था।
प्रधानाध्यापक सुनील कुमार मंडल ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने एवं घर पर अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की।
बैठक में अनियमित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा में सहभागिता सुनिश्चित करने एवं विद्यालयी गतिविधियों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को विशेष रूप से प्रतिदिन 10 से 15 मिनट बच्चों के साथ संवाद करने, उनकी समस्याओं को समझने एवं उनका मनोबल बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
संगोष्ठी में बच्चों द्वारा मोबाइल फोन एवं टेलीविजन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। अभिभावकों को बच्चों की तुलना अन्य बच्चों से नहीं करने एवं उनकी व्यक्तिगत क्षमताओं को पहचानकर प्रोत्साहित करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक कल्याण, स्वच्छता, पोषण, नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास में निरंतर सहयोग देने की अपील की।
रिपोर्ट : संजीत गोस्वामी, चीफ ब्यूरो, धोरैया बांका।

7
405 views

Comment