logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बिहार में बाॅर्डर पर नेपाल पुलिस ने की फायरिंग, एक भारतीय की मौत, तीन जख्मी

सीतामढ़ी। भारत-नेपाल बाॅर्डर पर शुक्रवार को नेपाल पुलिस की ओर से जबरदस्‍त फायरिंग की गयी है। फायरिंग की इस घटना में जहां गोली लगने से तीन भारतीय जख्मी हो गये हैं, वहीं एक भारतीय नागरिक की मौत भी हो गयी है।

गौरतलब है कि भारत और नेपाल  के बीच बाॅर्डर को लेकर विवाद चल रहा है। नेपाली संसद ने इसको लेकर एक प्रस्‍ताव भी पारित किया है। इसमें भारत के कई सीमावर्ती भागों को नेपाल का बताया गया है। इसको लेकर दोनों देशों के बीच तनाव चल रहा है।

नेपाल पुलिस द्वारा फायरिंग बिहार के सीतामढ़ी जिला अंतर्गत सोनबरसा थाना क्षेत्र की पिपरा परसाइन पंचायत के लालबंदी जानकी नगर बाॅर्डर पर शुक्रवार की सुबह की गयी। फायरिंग में जानकी नगर टोला लालबंदी निवासी नागेश्वर राय के 25 वर्षीय पुत्र विकेश कुमार की मौत हो गयी। वहीं, विनोद राम के पुत्र उमेश राम को दाहिनी बांह में और सहोरबा निवासी बिंदेश्वर ठाकुर के पुत्र उदय ठाकुर को दाहिनी जांघ में गोली लगी है। इन दोनों युवकों की हालत गंभीर बतायी गयी है तथा इन्हें प्राइवेट हाॅस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

मृतक के पिता नागेश्वर राय ने बताया कि, ‘उनकी खेती की जमीन नेपाल में नारायणपुर में स्थित है। उसी जमीन पर खेत में उनका पुत्र विकेश काम कर रहा था। अचानक नेपाली पुलिस ने गोलियां चला दी।

नेपाली पुलिस ने गांव के वशिष्ठ राय के पुत्र लगन राय को अपने साथ ले गयी है। वशिष्ठ भी गोली का शिकार हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। फिलहाल बॉर्डर पर दोनों देश की पुलिस तैनात है। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। 

फायरिंग की इस घटना के बाद से जानकीनगर सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन के कई आला अफसर मौके पर  रवाना हो चुके हैं। फिलहाल एसएसबी और स्थानीय पुलिस घटना की जांच कर रही है।

नये नक्शे ने बिगाड़े भारत-नेपाल के रिश्ते
दोनों देशों के बीच फिलहाल नेपाल के नक्शे को लेकर तनातनी चल रही है। भारत का कहना है कि, ‘इस पूरे विवाद के कारण दोनों देशों के बीच विश्वास का संकट पैदा हुआ है। वार्तालाप से पूर्व नेपाल को भारत का विश्वास जीतना होगा।’  सारा मामला नेपाल के नये नक्शे को लेकर है। इस नये  नक्शे में नेपाल ने कुल 395 वर्ग किलोमीटर के इलाके को अपने हिस्से में प्रदर्शित किया है। इसमें लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी के अलावा गुंजी, नाभी और काटी गांव भी शामिल हैं।

नेपाल ने अपने नक्शे में कालापानी के 60 वर्ग किमी, को अपना बताया है।इसी तरह से लिम्पियाधुरा के 395 वर्ग किमी पर नेपाल ने अपना दावा जताया है। नेपाल की कैबिनेट की एक बैठक में इस नक्शे को स्वीकृति प्रदान की गयी है।


269
14849 views

Comment