logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के संधोल क्षेत्र में हुआ सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम

मंडी के संधोल क्षेत्र में हुआ सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम

ग्राम पंचायत सोहर में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने गिनाईं सरकार की सवा साल की उपलब्धियां, सुनीं जन समस्याएं

बोले...आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए काम कर रही सुक्खू सरकार

संधोल,मंडी, 24 फरवरी। मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण,सूचना एवं जनसंपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए काम कर रही है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक मजबूती महत्वपूर्ण है। इसलिए सीएम ने बजट में ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिकी बढ़ाने पर फोकस किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट हिमाचल के उज्ज्वल भविष्य का बजट है।
वे मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा के संधोल क्षेत्र की सोहर पंचायत में शनिवार को आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर उनके साथ रहे। कार्यक्रम में उपायुक्त अपूर्व देवगन, एसडीएम धर्मपुर राजेन्द्र गौतम समेत जिला और धर्मपुर प्रशासन के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

संधोल क्षेत्र की 16 पंचायतों की समस्याओं का समाधान

कार्यक्रम में संधोल क्षेत्र की 16 पंचायतों को शामिल किया गया था। इनमें संधोल के साथ नेरी, सोहर, दतवाड़, घनाला, गवैला, टोरखोला, देवगढ़, भदेहड़, बैरी, कोठुवां, धलारा, भूर, विंगा, सकलाणा ग्राम पंचायतें शामिल थीं। अवस्थी ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को सुना और उनके निपटारे के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्यक्रम में लगभग 40 समस्याएं और 105 के करीब मांग प्रस्ताव प्राप्त हुए। मुख्य संसदीय सचिव ने सभी समस्याओं का मौके पर निपटारा करने के साथ मांग प्रस्तावों पर उपयुक्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
उन्होंने अधिकारियों को जन समस्याओं के समाधान के लिए जमीनी स्तर पर काम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लोगों द्वारा रखी विभिन्न मांगों पर संबंधित विभागों को यथाशीघ्र विस्तृत रिपोर्ट बनाकर सौंपने को कहा। कार्यक्रम में मुख्यतः राजस्व, सड़कें, बस सेवा चलाने, आपदा राहत, ग्रामीण विकास इत्यादि से जुड़े मामले आए।

संधोल में मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

संजय अवस्थी ने कहा कि सिविल अस्पताल संधोल के भवन के बचे हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध पूरा कराने के लिए जितनी धनराशि की जरूरत होगी, वह जल्द मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने संधोल अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों को प्राथमिकता पर भरने का भरोसा दिलाया । विशेषकर स्त्री रोग विशेषज्ञ और मेडिसिन के डॉक्टर मुहैया कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान है। इन क्षेत्रों की मजबूती को लेकर निर्णायक कदम उठाए गए हैं।
संजय अवस्थी ने कहा कि सुक्खू सरकार प्रदेश के लोगों की सारी उम्मीदों और आशाओं को पूरा करेगी। लोगों को उनके घर द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है। गांव और गरीब की सेवा सरकार का परम ध्येय है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

बेमिसाल हैं सरकार की सवा साल की उपलब्धियां

संजय अवस्थी ने प्रदेश सरकार की सवा साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही प्रदेश के कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की। आपदा से निपटने के लिए 4500 करोड़ का आपदा पैकेज जारी किया। अनाथ बच्चों के लिए सुखाश्रय योजना शुरू कर 4000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया। बेरोजगार युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये से राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना शुरू की। गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र राजीव गांधी गवर्नमेंट मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने का निर्णय लिया। पहले चरण में प्रदेश में 18 स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही सरकार ने प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में इंग्लिश मीडियम आरम्भ करने का निर्णय लिया है।
श्री अवस्थी ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार प्रदेश पर 90 हजार करोड़ का कर्ज छोड़ गई है।प्रदेश को इससे उबारने के साथ मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार संसाधन सृजन, जन कल्याण और युवा तथा महिला विकास पर काम कर रही है। इस बार का बजट इसी मकसद को केंद्रित है।

शिक्षा,स्वास्थ्य और खेलों में अव्वल बनेगा धर्मपुर - चंद्रशेखर

इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने मुख्य संसदीय सचिव का स्वागत करते हुए उन्हें क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहाकि मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मपुर क्षेत्र के विकास लिए पैसे की कोई कमी नहीं रखी है। इससे क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य की मजबूती के साथ साथ खेलों के क्षेत्र में सुविधाओं के विकास पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को धर्मपुर के युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बनाने के लिए प्लान तैयार करने को कहा।
विधायक ने क्षेत्र में रोड़ कनेक्टिविटी पर बड़े पैमाने पर सुधार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि सीएम ने 25 जनवरी के धर्मपुर प्रवास के दौरान संधोल-धर्मपुर वाया सिद्धपुर तथा संधोल - कोठुआं-मढ़ी-धर्मपुर सड़क के स्तरोन्नयन को 10-10 करोड़ रुपये दिए हैं। विधायक ने कहा कि इसके अलावा बकर खड्ड से धर्मपुर कॉलेज रोड़ तथा झंगी सड़क का स्तरोन्नयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मपुर और संधोल के योजनाबद्ध विकास के लिए इन्हें नगर पंचायत के तौर पर विकसित करने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को बल्लां नाले के तटीकरण की दिशा में काम निर्देश दिए।

सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग ने बांटी प्रचार सामग्री, गीत संगीत से सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

संधोल में हुए कार्यक्रम में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम को लेकर विशेष रूप प्रकाशित प्रचार सामग्री का वितरण किया। विभाग ने सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों को संकलित कर तैयार की गई बुकलेट तथा अन्य प्रचार सामग्री भी लोगों को भेटं की। कार्यक्रम में सूचना एवं। जन सम्पर्क विभाग के नाटय दल ने गीत संगीत के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत करवाया।

विभागों ने स्टॉल लगाकर बताई जन कल्याणकारी योजनाएं

कार्यक्रम में सभी विभागों में स्टॉल लगाकर जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य और आयुष विभाग ने विशेष कैंप लगाकर लोगों का स्वास्थ्य जांचा। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया।

लोगों को भाया सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम

मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी की अध्यक्षता में धर्मपुर विधानसभा के संधोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोहर में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम लोगों को खूब पसंद आया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जन कल्याण को समर्पित सरकार के इस नए कार्यक्रम की खुले मन से तारीफ की। अनेक लोगों ने एक स्वर में कहा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश की जनता से दिल से जुड़े हैं। यह कार्यक्रम उनकी जन हितैषी सोच का प्रतिफल है। सरकार के जनता के द्वार आने से विकास भी आखिरी कोने तक पहुंचेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री का जितना आभार जताएं कम है।

120
13273 views

Comment