logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सड़क हादसे में आंगनवाड़ी सेविका सहित तीन की मौत

मधुबनी (बिहार)। झंझारपुर अररिया संग्राम के निकट एनएच- 57 पर मंगलवार की अलसुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। मरने वालों में एक महिला, एक युवक और एक 6 वर्ष की बच्ची शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार राज्य आंगनवाड़ी संयुक्त संघर्ष समिति की पटना में आयोजित बैठक में भाग लेकर फुलपरास के लौकही प्रखंड इकाई संघ की अध्यक्ष काजल कुमारी और फुलपरास प्रखंड इकाई संघ की कोषाध्यक्ष प्रमिला कुमारी एक टाटा सूमो वाहन से वापस लौट रहे थे। टाटा सूमो में लौकही प्रखंड आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष काजल कुमारी के देवर गुंजेश्वर साह और उनकी 6 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी भी सवार थे। पिपरौलिया मोड़ के समीप एनएच- 57 पर एक ही दिशा में आगे आगे जा रहे भारी वाहन, लोडेड ट्रक से टाटा सूमो वाहन टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

ट्रक के साथ टाटा सूमो की टक्कर इतनी भयावह थी कि टाटा सूमो वाहन के परखचे उड़ गए। टाटा सूमो में सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। टाटा सूमो के चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मरने वालों में फुलपरास प्रखंड के बथनाहा पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या एक की सेविका सह फुलपरास प्रखंड संघ की कोषाध्यक्ष प्रमिला देवी (30), लौकही प्रखंड संघ के अध्यक्ष सह जिला संघ की कोषाध्यक्ष धरहारा पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 48 की सेविका काजल कुमारी की 6 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी और 20 वर्षीय देवर गुंजेश्वर साह शामिल हैं। वहीं सेविका काजल कुमारी गंभीर रूप से जख्मी है।

प्राथमिक उपचार के बाद उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। जख्मी सेविका काजल कुमारी के पति रामबहादुर साह ने बताया कि उनकी दो पुत्रियां हैं, जिसमें एक की इस घटना में मौत हो चुकी है। गुंजेश्वर साह पटना में ही रहता था। पटना से गांव वापस आते समय गुंजेश्वर भी साथ हो गए थे, जिसकी घटना में मौत हो गयी। वहीं इस घटना में मौत की शिकार हुई प्रमिला देवी फुलपरास प्रखंड के बथानाह पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या- 1 की सेविका थी। प्रमिला की तीन संतानें हैं।

घटना की सूचना मिलते ही अररिया संग्राम पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर सभी को पुलिस वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को सूचना दी गई। तीनों शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामूली रूप से जख्मी टाटा सूमो के चालक मुकेश कुमार यादव को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। ट्रक को भी अररिया संग्राम ओपी पुलिस ने जप्त कर लिया है।



194
14739 views

Comment