logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कार पर तेज रफ्तार से आ रहे डम्पर के पलटने से एक की मौत, एक घायल

बलरामपुर (उत्तर प्रदेश)। उतरौला तहसील के रेहरा बाजार में एक कार पर डम्पर पलटने से बिजली विभाग के अवर अभियंता की मौत हो गयी तथा सहायक अभियंता घायल हो गए।

बलरामपुर जनपद के उतरौला तहसील अन्तर्गत विद्युत उप खण्ड रेहरा बाजार पर तैनात अवर अभियंता रितेश पटेल और विद्युत उपखंड अधिकारी रेहरा बाजार अंकुर वर्मा बुधवार सुबह लगभग दस बजे उतरौला से अपनी कार में रेहरा बाजार ड्यूटी पर जा रहे थे कि रेहरा बाजार की तरफ से आ रहे ओवरलोड मिट्टी से लदा तेज रफ्तार डम्पर UP 85 AH 9313 के महुआढार में सुन्दरघाट पुल के पास उतरौला की तरफ से आ रही उनकी UP 47 U 3289 टाटा टिगोर कार पर पलट गया। इस हादसे में कार चालक अवर अभियंता रेहरा बाजार रितेश पटेल की मौत हो गयी। वहीं साथ में यात्रा कर रहे सहायक अभियंता रेहरा बाजार अंकुर वर्मा घायल हो गए। उन्हें उतरौला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत सामान्य बताई गई है। 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डम्पर मिट्टी से ओवरलोड था, जो महुवाढार स्थित प्रभु ईंट उद्योग पर जा रहा था। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी पेहर बाजार सैय्यद खादिम सज्जाद व थाना प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार पारस प्रसाद आनन-फानन में दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। मौके पर भारी भीड़ जमा होने से करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्क्त के बाद जेसीबी मशीन के माध्यम से डम्पर को हटवाकर कार सवारों को बाहर निकाला। इसके बाद गम्भीर रूप से घायल अवर अभियंता को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार लाया गया, जहाँ पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बुधवार को जहां एक तरफ देश भर में महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखकर उनकी लम्बी उम्र की दुआ कर रही हैं वहीं नौ माह से भी कम वैवाहिक जीवन व्यतीत करने वाली एक सुहागिन का सुहाग उजड़ गया। बीती 10 फरवरी 2020 को वैशाली नाम की युवती से अवर अभियंता रेहरा बाजार रितेश पटेल की शादी हुई थी। उसका करवाचौथ के दिन सुहाग उजड़ गया। 

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लक्ष्मीपुर, पोस्ट महुआ बुजुर्ग, थाना कप्तानगंज जनपद कुशीनगर निवासी रितेश पटेल के पिता पेशे से किसान हैं। उनकी माँ कमला देवी गम्भीर बीमारी से ग्रस्त हैं तथा परिवार में दो बहनें है, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना की सूचना पर परिवारजनों पर एक पहाड़ सी मुसीबत टूट पड़ी। दुःखी परिवार का रो—रोकर बुरा हाल हुआ। उप खण्ड अधिकारी उतरौला प्रशान्त शेखर श्रीवास्तव ने बताया कि, 'रितेश पटेल की नियुक्ति 2017 में अवर अभियंता के पद पर विद्युत उपकेंद्र रेहरा बाजार में हुई थी।' उन्होंने बताया कि, 'डम्पर के गाड़ी नम्बर के आधार पर थाना रेहरा बाजार पर तहरीर दी गई है।' 

जब इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार पारस प्रसाद से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि, 'प्राप्त तहरीर के आधार पर डम्पर को कब्जे में ले लिया गया है। मौके से ड्राइवर फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।'

274
32325 views

Comment