logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ठगी के आरोपी को पकड़ने गई मोरवा पुलिस के जवानों पर जानलेवा हमला

-जांबाज पुलिस कर्मियों ने घायल होने के बावजूद आरोपी को पकड़े रखा 
सिंगरौली (सीधी, मप्र)।
नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार करने बनारस गई सिंगरौली जिले की मोरवा पुलिस पर बदमाशों ने हमला कर घायल कर दिया था। पुलिसकर्मियों पर हुए इस हमले में दो जवान घायल हो गए, परंतु सिंगरौली पुलिस के जवानों ने घायल होने के बावजूद आरोपी को कब्जे में लिए रखा। मामला बुधवार दोपहर बनारस के शिवपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोरवा थाने में प्राइवेट कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा वसूली के मामले में महेशनगर कॉलोनी शिवपुर वाराणसी निवासी रमेश सिंह पर मुकदमा दर्ज किया गया था। गौरतलब है कि तीन माह पूर्व बैढन के आठ लोगों की शिकायतों पर आरोपी के विरुद्ध ठगी के मामले में अपराध दर्ज किया गया था।

 बताया जाता है कि रमेश सिंह के अपने वाराणसी स्थित आवास पर होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिंगरौली पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के निर्देशन एवं मोरवा निरीक्षक मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए वाराणसी पहुंची मोरवा पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक साहबलाल सिंह, प्रधान आरक्षक दयानंद सिंह, आरक्षक राहुल सिंह व संजय सिंह परिहार ने शिवपुर पुलिस के साथ आरोपी के घर पर दबिश देते हुए आरोपी रमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।

बताया गया है कि उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जाती पुलिस टीम पर आरोपी के परिवारजनों के आधा दर्जन लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में प्रधान आरक्षक दयानंद सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आई, वहीं सहायक उपनिरीक्षक साहब लाल सिंह भी जख्मी हो गए, परंतु घायल पुलिसकर्मी जांबाजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्त में लिए रहे। इधर हो हल्ला मचाने पर आगे आए लोगों की वजह से आरोपी वहां से भाग निकले। 

बाद में शिवपुरी पुलिस व मोरवा पुलिस की संयुक्त टीमों के प्रयास से हमले में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।  मोरवा पुलिस की तहरीर पर शिवपुरी थाने में हमलावर आरोपी झब्बन सिंह, रमेश सिंह, राधेश्याम सिंह तीनों पुत्र जनार्दन सिंह व लोकेंद्र सिंह पुत्र आशीष सिंह, अमन सिंह पुत्र झब्बन सिंह, पंकज सिंह पुत्र विनोद सिंह व सर्वेश सिंह के विरुद्ध अपराध क्रमांक 658/20 अपराध क्रमांक 147,148, 149, 307, 323, 324, 504, 506, 332, 353, 224, 225, 394, 511 एवं दंडविधि (द्वितीय संशोधन) 1983 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है।  घटना में शामिल राधेश्याम सिंह व सर्वेश सिंह की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड में आज शाम तक मोरवा लाया जा सकता है।

282
17319 views

Comment