logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रेमिका पर तेजाब फेंक जिंदा जलाकर मारने वाला गिरफ्तार

औरंगाबाद (महाराष्ट्र)। राज्य के बीड जिले में एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर तेजाब फेंका और बाद में पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया। उपचार के दौरान घायल युवती की रविवार को मौत हो गई। पुलिस ने रविवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महाराष्‍ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि इस मामले को फास्‍ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा ताकि अपराधी को कड़ी सजा मिल सके।

यह घटना शुक्रवार देर रात हुई थी। इस बारे में पुलिस ने बताया है कि आरोपी की पहचान अविनाश राजुरे (25) के रूप में की गई है। उसे नांदेड जिले से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हमला क्यों किया गया।

इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि युवती प्रदेश के नांदेड़ जिले के शेलगांव की रहने वाली थी और वह पुणे से आरोपी के साथ अपने शहर जा रही थी। यात्रा के दौरान दोनों जिले के यलंब घाट स्थित एक सुनसान स्थान पर रुके, जहां आरोपी ने युवती पर कथित रूप से तेजाब फेंका और बाद में पेट्रोल डालकर उसे जलाने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसी युवती को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मरने वाली युवती के उम्र के बारे में नहीं बताया। अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात के बाद तीन बजे की है और पुलिस को अगले दिन दोपहर में घटना की जानकारी मिली। उसे दोपहर करीब दो बजे अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘हमने शनिवार को युवती का बयान दर्ज किया, लेकिन उसने इस बारे में कुछ नहीं बताया कि उस पर हमला क्यों किया गया। बाद में उसकी मृत्यु हो गई।' अधिकारियों ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

276
14910 views

Comment