logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

साइबर ठगी के आरोप में 12 अपराधी गिरफ्तार

देवघर (झारखण्ड)। पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में मारगोमुण्डा, देवीपुर और खागा थाना क्षेत्र से 12 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 

सोमवार को इस बाबत आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में देवघर एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि इन साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी मारगोमुण्डा थाना के केंदुआटांड़, देवीपुर थाना के शंकरपुर और खागा थाना के कांकी, शिमला गांव से हुई है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 22 मोबाइल, 32 सिम कार्ड, 9 पासबुक, 8 एटीएम, 1 लैपटॉप, 3 चेकबुक, 2 मोटरसाइकिल और 1 बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है। 

पकड़े गए आरोपियों में 23 वर्षीय रमेश मंडल, 27 वर्षीय देवेंद्र मंडल, 35 वर्षीय छत्रधारी मंडल, 36 वर्षीय निर्मल मंडल, 22 वर्षीय पवन दास, 19 वर्षीय उदय दास, 23 वर्षीय अनवर अंसारी, 25 वर्षीय शमीम अंसारी, 19 वर्षीय मुजफ्फर अंसारी, 35 वर्षीय सरफुद्दीन अंसारी, 30 वर्षीय रंजीत पंडित और 25 वर्षीय मुरारी गोस्वामी का नाम शामिल है। इनमें से पवन दास और उदय दास एवं  अनवर अंसारी और शमीम अंसारी सगे भाई हैं। 

देवघर एसपी ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी के लिए डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और आमोद नारायण सिंह के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीम का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों द्वारा साइबर ठगी की घटना को अंजाम देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते थे। साइबर अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर बैंक ग्राहकों को फोन करते हैं कि उनका एटीएम बंद होने वाला है। केवाइसी अपडेट कराने के नाम पर भी ठगी की जाती है।

282
14955 views

Comment