logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

Inspection-कूलर फेंक रहे गर्म हवा, पीने का ठंडा पानी भी नहीं हो रहा नसीब,

बालाघाट. वार्डों में ठंडी हवा के लिए कूलर तो लगे हैं लेकिन भीषण गर्मी में भी ये कूलर गर्म हवा फेंक रहे हैं। मरीजों को गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। आरओ से शीतल जल भी नसीब नहीं हो पा रहा है। यह सब खामियां जिला चिकित्सालय में उस समय मिली, जब बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। विधायक मुंजारे शुक्रवार की देर रात्रि जिला चिकित्सालय के निरीक्षण पर पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों, उनके परिजनों से चर्चा की। अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वहीं अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने शुक्रवार की देर रात्रि अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक मुंजारे ने ट्रामा यूनिट (प्रसूति वार्ड), मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, आईसीयू सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्थाओं को देखा। वार्डों में भर्ती मरीजों से चर्चा की।
मरीजों, उनके परिजनों से की चर्चा
बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा की। अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाओं का वितरण, उपचार सुविधा सहित अन्य के बारे में विधायक ने अलग-अलग मरीजों से जानकारी ली। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने जिला चिकित्सालय की अव्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
कूलर फेंक रहे थे गर्म हवा
जिला चिकित्सालय के अलग-अलग वार्डों में ठंडी हवा के लिए कूलर तो लगाए हैं। लेकिन ये कूलर भीषण गर्मी में गर्म हवा फेंक रहे थे। जिसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सब विधायक के औचक निरीक्षण के दौरान सामने आया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शेष दिनों में जिला चिकित्सालय की व्यवस्था कैसी रहती होगी।
आरओ से भी निकल रहा था गर्म पानी
जिला चिकित्सालय में मरीजों और उनके परिजनों के लिए आरओ लगाया गया है। विडंबना यह है कि आरओ से भी गर्म पानी निकल रहा था। रात्रि में विधायक के निरीक्षण के दौरान भी आरओ से गर्म पानी निकलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
व्यवस्थाओं में सुधार लाने सीएस को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान ही विधायक मुंजारे ने जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन से चर्चा की। अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। ताकि अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सकें।
इनका कहना है
जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों से चर्चा कर जानकारी ली गई है। निरीक्षण के दौरान ही अनेक खामियां मिली है। अस्पताल प्रबंधन से चर्चा कर खामियों को दूर करने के निर्देश दिए है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बालाघाट ही नहीं बल्कि सिवनी जिले के भी मरीज भर्ती मिले है।
-अनुभा मुंजारे, विधायक, बालाघाट

112
2487 views

Comment