logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का पटना आगमन

पटना (बिहार)।  बिहार चुनाव के ठीक बाद संघ प्रमुख मोहन भागवत के दौरे से सियासी हलचल तेज हो गई है। संघ के कार्यकारी मंडल की दो दिनों की बैठक पटना सिटी स्थित मर्चा-मिर्ची इलाके के केशव सरस्वती विद्या मंदिर कैंपस में होना है। 5 और 6 दिसंबर को होनेवाले इस बैठक के लिए संघ प्रमुख आज पटना आए हैं। 

क्यों हो रही है पटना में बैठक

आरएसएस साल में दो बार औपचारिक रूप से राष्ट्रीय स्तर पर बैठकें करती हैं। इनमें से एक दीपावली बैठक होती है। दीपावली के बाद आयोजित होनेवाली इस बैठक में पूरे देश से कार्यकर्ता हिस्सा लेते हैं। अखिल भारतीय स्तर पर होनेवाली इस बैठक में प्रांत संघचालक, कार्यवाह और प्रचारक के ऊपर वाले पदों के कार्यकर्ता हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष यह बैठक अखिल भारतीय स्तर पर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में होनी थी। लेकिन कोरोना की वजह से पूरे देश के कार्यकर्ताओं को एक जगह जुटाने की बजाय संघ ने 11 क्षेत्रों की बैठक अलग-अलग जगहों पर करने का फैसला लिया। इसी के तहत उत्तर बिहार-दक्षिण बिहार और झारखंड के प्रचारक स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक पटना में आयोजित की है। इसमें करीब 40 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे, जो दो दिनों तक संघ प्रमुख को बिहार में संघ द्वारा किये जा रहे कार्यों की रिपोर्ट देंगे।

बिहार में हो रही संघ की इस महत्वपूर्ण बैठक में बाढ़ से लेकर कोरोना काल में किये गए संघ के कामों पर चर्चा होगी। इसके साथ राम मंदिर निर्माण और उसमें बिहार की तरफ से होनेवाले सहयोग पर भी चर्चा होनी है।

जिन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी वे हैं :

कोरोना काल में संघ की तरफ से आमलोगों को दी गई सेवाएं, उसमें आनेवाली समस्याएं और इसे आनेवाले दिनों में और बेहतर कैसे करें

मधेपुरा-सुपौल में बाढ़ के कारण बार-बार विस्थापित हो रहे लोगों की समस्याओं पर चर्चा

बाढ़ प्रभावित इलाकों में किसानों को हो रहे नुकसान पर चर्चा

बाढ़ के कारण 6 महीने तक डूबे रहनेवाले भूमि पर नई विधि से कृषि की संभावनाएं

बिहार से मजदूरों के पलायन का मुद्दा

बिहार में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा

कोरोना के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में आईं परेशानियों पर चर्चा

भाजपा नेताओं की भी लगेगी क्लास
भाजपा की तरफ से सरकार में शामिल रहे नेताओं को कोरोना काल में किये गए कामों का हिसाब संघ प्रमुख के सामने देना पड़ सकता है। हालांकि यह औपचारिक नहीं है। राम मंदिर निर्माण को लेकर राज्य में हो रही गतिविधियों पर भी संघ प्रमुख रिपोर्ट लेंगे। भाजपा ने पहले ही राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आवाहन के साथ अपने विधायकों को जोड़ दिया है। ट्रस्ट ने देश के हर घर से मंदिर निर्माण के लिए राशि देने की अपील की है, जिसके साथ बिहार में भाजपा के विधायक और नेता जुड़ेंगे।

293
14932 views

Comment