logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विधायक, जनप्रतिनिधि एवं एसडीएम ने ओला प्रभावित फसलों का लिया जायजा

श्योपुर। क्षेत्रीय विधायक श्री बाबू जंडेल, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र जाट, प्रदेश कार्यकारणी के सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया, प्रभारी अपर कलेक्टर/ एसडीएम श्री रूपेश उपाध्याय ने जिले की श्योपुर तहसील के करीबन एक दर्जन ग्रामो मेें ओला से प्रभावित सरसो, चना, मटर, मेंथी एवं गेहूॅ की फसलों का आज जायजा लिया। साथ ही ओला प्रभावित किसानों से उनके नुकसान के बारे में चर्चा की।

ओला प्रभावित फसलों के जायजा के दौरान श्योपुर तहसील के ग्राम दांतरदा, ऊंचा खेड़ा, बिचुपुरी, अडूसा, इचनाखेड़ली, मुदालापङ, लहचोडा, समरसा, साडा का पाड़ा, करीरिया, बनबाड़ा आदि गांवों का भ्रमण कर गत रात्रि को असामयिक वर्षा के साथ हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फसल क्षति देखी। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, राजस्व, कृषि विभाग का मैदानी अमला उनके साथ था।

 कलेक्टर श्री राकेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन के प्रभारी अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने 02 जनवरी 2021 को हुई असमायिक वर्षा एवं ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति का प्रस्ताव राहत आयुक्त मप्र शासन भोपाल को आज भेजा गया।
इस प्रस्ताव के अंतर्गत 02 जनवरी 2021 को श्योपुर तहसील के क्षेत्र में 6.1 मिमी, बडौदा के क्षेत्र में 10.4 मिमी,  कराहल एवं विजयपुर के क्षेत्र में 3-3 मिमी एवं जिले में हुई औसत वर्षा 4.5 मिमी की जानकारी प्रेषित की। साथ ही ओलावृष्टि से प्रभावित श्योपुर तहसील के ग्राम दांतरदाकंला, सामरसा, लहचोडा, अडूसा, मुदालापाडा, साडा का पाडा, बनवाडा, करीरिया, ईच्छनाखेडली के क्षेत्र में हुई फसल क्षति से अवगत कराया गया है।
इसी प्रकार सरसो, चना, मटर, मेंथी में 50 प्रतिशत से अधिक एवं गेहू में 10 प्रतिशत से 15 प्रतिशत संभावित क्षति से अवगत कराया। जिसमें फसल क्षति का अनुमानित क्षेत्रफल 1500 हेक्टयर है।

कलेक्टर श्री राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 02 जनवरी 2021 को हुई असमायिक वर्षा एवं ओलावृष्टि से श्योपुर, बडौदा, कराहल, विजयपुर तहसील के क्षेत्र में क्षति का आंकलन करने के लिए राजस्व, कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग के मैदानी अमले से सर्वे कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। क्षति का आंकलन पूरा होने पर पात्र किसानो को राहत राशि प्रदान की जावेगी।

265
17900 views

Comment