logo

पूर्व विधायक रायसिंह राठौर का निधन, अंत्येष्टि सोमवार को* - भाजपा व सरकार में विभिन्न पदों पर रहे, कार्यकर्ताओं में रायसिंह बाबुजी के नाम से लोकप्रिय रहे, शोक व्याप्त


*खरगोन।* जिले में भाजपा के पितृपुरुष, पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक व मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग के पूर्व उपाध्यक्ष रायसिंह राठौर (बाबुजी) का रविवार दोपहर 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे कई दिनों से अस्वस्थ होकर नगर के निजी अस्पताल में उपचाररत थे। आप खरगोन भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर, जय राठौर, देवेंद्र राठौर व धर्मेंद्र राठौर के पूज्य पिता होकर जनसंघ की स्थापना के समय से ही राष्ट्रीय विचारधारा से जुड़ गए थे। राजनीति व समाजसेवा के क्षेत्र में जीवन पर्यंत सक्रिय रहे। उनके निधन पर जिलेभर में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारियों में शोक व्याप्त है। स्व. राठौर की अंतिम यात्रा 30 दिसंबर, सोमवार को प्रातः 10 बजे विवेकानंद कॉलोनी खरगोन स्थित निज निवास से निकलेगी। अंतिम संस्कार स्थानीय कुंदा तट स्थित मुक्तिधाम पर होगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया वरिष्ठ नेता रायसिंह जी राठौर ने स्थानीय एमजी रोड पर चाय की दुकान प्रारंभ की जिससे वे 'चाय वाले बाबुजी' के रूप में कार्यकर्ताओं में लोकप्रिय हुए। आप 1980 में भाजपा की स्थापना से लेकर 1987 तक पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष रहे। 1987 से 1991 तक जिला महामंत्री का दायित्व निभाया। 1990 से 1992 तक खरगोन विधायक रहे। दो बार अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन अंतर्गत हुई कारसेवा में शामिल हुए। 1992 में अयोध्या में विवादित बाबरी ढांचा ढहाए जाने पर सुंदरलाल पटवा के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार भंग होकर राष्ट्रपति शासन लगा, जिससे श्री राठौर की विधायकी भी चली गई। तत्पश्चात श्री राठौर ने अप्रैल 1993 से 1997 तक खरगोन भाजपा जिलाध्यक्ष का दायित्व निभाया। प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार बनने पर 2004 से 2011 तक राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त मप्र खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष रहे। वे सदैव पार्टी के पालक व मार्गदर्शक की भूमिका में रहे। उनकी राजनीतिक विरासत को पुत्र राजेंद्रसिंह राठौर ने आगे बढ़ाते हुए वे बीते पांच वर्ष से खरगोन भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। वरिष्ठ नेता रायसिंह बाबुजी का असमय निधन पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति होकर कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है। जैसे ही यह समाचार मिला बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी व आमजन उनके निवास पर पहुंचने लगे। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान प्रदान कर शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की प्रार्थना की।

2
6249 views