
जिलास्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड से गरिमा हुई सम्मानित
देवरिया।
महिलाओं व युवाओं को अलग अलग क्षेत्रों में जागरूक करने पर गरिमा पांडेय को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग देवरिया द्वारा जिलास्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। गरिमा महिला श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त की हैं जिसके लिए 25 हजार रुपये की नकद राशि भी दी गई है। गरिमा पांडेय जनपद के रामपुर कारखाना विकासखंड के मुंडेरा मिश्र ग्राम पंचायत की रहने वाली हैं। ग्रामीण अंचल में लगभग 9 वर्ष से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। यह कोरोना काल के दौरान भी अपने कार्यों को लेकर सक्रिय रहीं जिसके लिए कोरोना योद्धा के रूप में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के हाथों सम्मानित हो चुकी हैं। बीते वर्ष 2 अक्टूबर गाँधी जयन्ती के दिन इंडियन रेड क्रास सोसाइटी देवरिया द्वारा वर्तमान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के हाथों भी सम्मानित चुकी हैं। यह ग्रामीण इलाकों में महिलाओं व युवाओं के बीच जागरूकता की अलख जगा रही हैं। महिलाओं व युवाओं को इंटरनेट का सकारात्मक व व्यवसायिक रूप में उपयोगिता की जानकारी दे रही हैं तथा महिलाओं को महिला सुरक्षा व स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अभियान चला रही हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में लक्ष्य से भटके युवाओं का मार्गदर्शन कर जिम्मेदार नागरिक होने का बोध करा रही हैं। इनके मार्गदर्शन के बाद कई युवा अलग अलग क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनके सम्मानित होने की खबर से परिजन, मित्र व रिश्तेदार प्रसन्न हैं। पूर्व जिला युवा अधिकारी विकास तिवारी, साहू विशाल गुप्ता विवेकानंद यूथ पुरस्कार प्राप्त उत्तरप्रदेश सरकार अमिता तिवारी मनोरमा सिंह शिवम् पांडेय देवव्रत पांडेय, ऋतुराज विकास कुमार आदि लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।