logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

उन्नाव! बिजली के बोर्ड की मरम्मत के दौरान करंट लगने से पति, पत्नी की मौत,परिवार में मचा कोहराम !


उन्नाव, 15 जून।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के दिरगज खेड़ा गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें करंट लगने से एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामनरेश (45) और उनकी पत्नी कीर्ति (40) के रूप में हुई है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं तीनों बेटे माता-पिता की मौत से बेसुध हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनरेश अपने घर के खराब लाइट बोर्ड को ठीक कर रहे थे। चार दिन से बोर्ड खराब था और घर में बिजली की दिक्कत बनी हुई थी। रविवार दोपहर जब रामनरेश तार को ठीक कर रहे थे, तभी अचानक वे करंट की चपेट में आ गए। उनकी चीख सुनकर पास खड़ी पत्नी कीर्ति ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं।


कुछ समय बाद खेत से लौटे उनके बेटे आदित्य (16) ने माता-पिता को अचेत हालत में देखा और शोर मचाया। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को एंबुलेंस से नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।


तीन बच्चों से छिन गया माता-पिता का साया

रामनरेश और कीर्ति अपने पीछे तीन बेटे—ललित (18), आदित्य (16) और प्रियांशु (13)—को छोड़ गए हैं। माता-पिता की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। तीनों बच्चे सदमे में हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है।


पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलते ही अजगैन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा प्रतीत होता है। अंतिम रिपोर्ट पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी।



स्थानीय प्रशासन से मदद की मांग

गांव के लोगों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि अनाथ हुए बच्चों की पढ़ाई और जीवनयापन के लिए उचित सहायता दी जाए। ग्राम प्रधान सहित कई स्थानीय लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

117
3432 views

Comment