
प्रयागराज में सड़क किनारे महिला का मिला शव:राजस्थानी कपड़े पहने हुए थी, पुलिस आसपास के CCTV तलाशने में जुटी(Ankit Dubey-Journalist)
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दुर्घटना सामने आई। जमशेदपुर गेट के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
सैदाबाद चौकी प्रभारी गौरव तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त लगती थी। वह अक्सर इस क्षेत्र में भटकती हुई दिखाई देती थी।
मृतका राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह राजस्थान से हो सकती है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई महिला को पहचानता है तो सैदाबाद पुलिस से संपर्क करे।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज गौरव तिवारी से वार्ता हुई तो उन्होंने बताया कि महिला के शव का शिनाख्त नहीं हो सका है। शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया जैसे तमाम प्लेटफार्म पर फोटो अपलोड कर वायरल कर दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।