logo

गोरखपुर में पूर्व CM के विधायक बेटे का भीषण एक्सीडेंट:

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह का सोमवार की शाम गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर एक्सीडेंट हो गया। हादसे में विधायक समेत 7 लोग घायल हो गए। घायलों में 6 पुलिसकर्मी और एक ड्राइवर शामिल है।

हादसा इतना भीषण था कि विधायक के काफिले में आगे चल रही स्कॉर्पियो एक्सप्रेस-वे पर 6 बार पलटी खाई। विधायक की लग्जरी KIA कार एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराई। यह देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने विधायक और घायल सुरक्षाकर्मियों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया है।
फतेह बहादुर सिंह के बाएं कंधे में फ्रैक्चर आया है। उनकी हालत नाजुक है। उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज गोरखपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि गाड़ी का एयरबैग खुल गया था, इसलिए जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

तीन दिन पहले 20 जून को इस लिंक एक्सप्रेसवे का सीएम योगी ने उद्घाटन किया था। 91 किमी लंबे इस लिंक एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर से लखनऊ की दूरी काफी कम हो गई है।कैसे हुआ हादसा, समझिए...

सोमवार की शाम करीब 7 बजे विधायक फतेह बहादुर सिंह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से लखनऊ जा रहे थे। उनकी KIA कार सिकरीगंज थाना क्षेत्र के छतियारी गांव के पास पहुंची थी कि आगे चल रहे ट्रक को ड्राइवर ने ओवरटेक करने का प्रयास किया।

एक्सप्रेस-वे पर ड्राइवर अपने राइट साइड से ट्रक को ओवरटेक करके निकलना चाहता था, तभी उसी तरफ आगे चल रहा ट्रक भी आ गया। विधायक का ड्राइवर टक्कर से बचाने के लिए गाड़ी को डिवाइडर की तरफ ले गया। इसी बीच गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। वहीं, पीछे चल रही स्कॉर्पियो एक्सप्रेस-वे पर पलट गई।

आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार से विधायक और अन्य को बाहर निकाला गया। लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक दूसरी गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया। हादसे में विधायक के कंधे में चोट आई है।

पूर्व मंत्री के साथ दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही विधायक के समर्थक और शुभचिंतक उनके आवास और अस्पताल पर पहुंच गए। अन्य गाड़ियों में मौजूद लोगों से विधायक के बारे में जानकारी ली।
हेड कॉन्स्टेबल बोला- अचानक से गाड़ी पलट गई

स्कॉर्पियो में बैठे हेड कॉन्स्टेबल कामेश्वर प्रसाद ने बताया, विधायक लखनऊ जा रहे थे। हम लोग आगे स्कॉर्पियो में बैठे थे। तेज गति से हम आगे बढ़ रहे थे। अचानक सामने से जा रही डंपर कट से मुड़ने लगी।

स्कॉर्पियो के ड्राइवर प्रदीप ने गाड़ी तेजी से दूसरी ओर मोड़ी। हमारी गाड़ी डंपर के आगे चली गई। बेकाबू होकर जिग-जैग लहराने लगी, फिर पलट गई।

गाड़ी एक के बाद एक करके लगभग 5 से 6 चक्कर खाते हुए डिवाइडर के पास जाकर रुकी। हम सभी घायल हो गए। विधायक की गाड़ी के ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक लिया और वह डिवाइडर से टकरा गई।
कौन हैं BJP विधायक फतेह बहादुर सिंह

फतेह बहादुर सिंह कैम्पियरगंज विधानसभा सीट से 7 बार के विधायक हैं। वे यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरबहादुर सिंह के बेटे हैं। पिता की परम्परागत सीट पनियरा से पहली बार विधायकी का चुनाव लड़ा था। हालांकि लगातार दो बार चुनाव में हार मिली।

तीसरे चुनाव में विधायक बने और लगातार कुल चार बार पनियरा का प्रतिनिधित्व किया। वो 2007 में बसपा सरकार में वन मंत्री भी रहे। लेकिन, तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने 2012 का चुनाव आते-आते कैबिनेट से न केवल बर्खास्त कर दिया, बल्कि पार्टी से भी निष्कासित कर दिया था।
कैम्पियरगंज से तीसरी बार हैं विधायक

नए परिसीमन के बाद साल 2012 में कैंपियरगंज विधानसभा बना। यहां फतेह बहादुर सिंह एनसीपी से चुनाव लड़े और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बाद भी जीतने में कामयाब रहे। 2017 चुनाव में दल-बदल कर भाजपा से चुनाव लड़े और फिर जीते, लेकिन तमाम प्रयास के बाद भी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हो सके।

5
11788 views