logo

*30 लाख की लूट में ओडिशा-आंध्र के दो बदमाश पकड़ाए* *पलामू*- ओडिशा और आंध्र प्रदेश के गिरोह ने पलामू और लातेहार में स

*30 लाख की लूट में ओडिशा-आंध्र के दो बदमाश पकड़ाए*

*पलामू*- ओडिशा और आंध्र प्रदेश के गिरोह ने पलामू और लातेहार में सोना लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों में एक आवला दुर्गा प्रसाद है, जो आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के नातवरम थाना क्षेत्र के गुमडी कोंडा गांव का रहने वाला है। दूसरा आरोपी आवला बलराम ओडिशा के गंजम जिले के असका थाना क्षेत्र के कोराटोली गांव का निवासी है।

21 जून को पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अरुण प्रसाद सोनी नामक कारोबारी की बाइक की डिक्की से करीब 30 लाख रुपए के जेवरात चोरी हुए थे। इसी मामले की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच के बाद चैनपुर थाना क्षेत्र के लादी में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। इनके पास से 135 ग्राम सोना, 1150 ग्राम चांदी और अन्य सामान बरामद हुआ। बरामद सामान की कीमत करीब 12 लाख रुपए आंकी गई है।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि दोनों आरोपी चैनपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। यहीं से पलामू और लातेहार में वारदातों को अंजाम दिया। पूछताछ में पता चला कि उन्होंने बिहार में भी कई घटनाएं की हैं। इनके पास से लूट में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला है।

गिरोह के सदस्य किराए के मकान में ठिकाना बनाते हैं। फिर इलाके की रेकी करते हैं। इसके बाद सॉफ्ट टारगेट को चुनकर वारदात को अंजाम देते हैं। लेस्लीगंज की घटना में भी गिरोह ने कारोबारी की बाइक में पहले ग्रीस जैसा चिपचिपा पदार्थ लगाया था। ताकि उसका ध्यान भटके और लूट को अंजाम दिया जा सके।

घटना के बाद आरोपी बाइक से ही ओडिशा भाग गए थे। पुलिस की छापेमारी में एसडीपीओ लेस्लीगंज मनोज कुमार झा, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सब इंस्पेक्टर विक्रमशील और टाउन थाना के सब इंस्पेक्टर सुबोध कुमार शामिल थे।

0
0 views