logo

प्रतापगढ़ के लाम्बाड़ाबरा में बस और टेंपो पर पथराव, तीन महिलाएं घायल,एक आरोपी गिरफ्तार,दूसरे की तलाश जारी।

प्रतापगढ़ के पीपलखूंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। लम्बा डाबरा में दो युवकों ने एक स्लीपर बस और टेंपो पर पथराव कर दिया। इस हमले में तीन महिलाएं घायल हुईं और वाहनों के शीशे टूट गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक हमलावर को पकड़ लिया। उसे पीपलखूंट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। दूसरा आरोपी जंगल की तरफ भाग निकला। घायल महिलाओं को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने रात 11 बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। दो दिन पहले धरीयावद क्षेत्र के जंगल में भी इसी तरह की घटना हुई थी। वहां स्लीपर बस और रोडवेज बस पर पथराव में कुछ यात्री घायल हुए थे। दोनों घटनाओं की समानता को देखते हुए पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या यह किसी गिरोह की योजनाबद्ध कार्रवाई है।
पीपलखूंट थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जंगल में तलाश अभियान चल रहा है।

0
0 views