logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मंत्री शिल्पी नेहा ने रांची के मांडर में 131 छात्राओं को साइकिल एवं अबुआ आवास के 15 लाभुकों को सौंपी चाबी

रांची : कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर प्रखंड कार्यालय परिसर में सड़क दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा के आश्रितों के बीच मुआवजा राशि का वितरण किया. इस मौके पर उन्होंने 131 छात्राओं के बीच साइकिल , 15 लाभुकों के बीच अबुआ आवास योजना का गृह प्रवेश के लिए चाबी और सोना सोबरन धोती साड़ी योजना के लाभुकों के बीच वस्त्र भी वितरित किया.
आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा साल 2023 से 2024 के बीच सड़क दुर्घटना, पानी में डूबने और सर्पदंश से हुई मौत का मुआवजा राशि का वितरण किया गया है. सड़क दुर्घटना में मृतक के आश्रितों को 1 लाख रुपए और पानी में डूबने एवं सर्पदंश के मृतकों के आश्रितों को 4 लाख रुपए दी गई.
घर से स्कूल तक पहुंचने के लिए कल्याण विभाग के द्वारा दी गई साइकिल को पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी देखने लायक थी. इस मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि हेमंत सोरेन कैबिनेट में वो जरुर कृषि ,पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री हैं , पर मांडर के प्रति उनकी जवाबदेही पहले की तरह ही है. उन्होंने कहा कि अपनो के बीच आकर काम करना अच्छा लगता है.

मंत्री ने कहा कि आज राजनीति में जितनी दूरी भी तय कर पाई हूं या जिस मुकाम तक पहुंची हूं, ये सब कुछ मांडर की जनता के आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है. राज्य में गठबंधन वाली सरकार ने हर वर्ग-हर समाज- हर तबके के लिए कल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रखा है. जरूरत है तो सिर्फ योजनाओं के प्रति आम जनता को जागरूक होने की. आम जनता को सिर्फ सरकार की योजनाओं से जुड़ने के लिए बिचौलियों से बचने की जरूरत है. अक्सर ये बात सामने आती है कि योजना के नाम पर किसी ने गांव के भोले भाले लोगों से पैसा ले लिया या ऑन लाइन पैसा डलवा लिया. मंत्री ने कहा कि योजना पाने के लिए लाभुक को सिर्फ अपना अंशदान का भुगतान एस्क्रो एकाउंट से करना है. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि चुनाव के वक्त दूसरे दलों के लोग धर्म की राजनीति करते हैं,उन्हें क्षेत्र की जनता या विकास से कोई लेना देना नहीं है. उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य बच्चों की पढ़ाई,बुजुर्गों की दवाई,महिलाओं को सम्मान,युवाओं को रोजगार और क्षेत्र का विकास करना है. इस मौके पर अंचलाधिकारी चंचला, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव,प्रखंड प्रमुख फिलीप सहाय एक्का,अमानत अंसारी,नसीम अंसारी,जमील मल्लिक,सेराफिना मिंज,सरिता तबारक खान,बेलस टोप्पो,सुका उरांव,संजय तिग्गा मौजूद थे.

रांची से रिपोर्टर अनिस कुमार की रिपोर्ट--

68
2739 views

Comment