
5 घंटे बाद भी अधिकारियों ने नहीं ली सुध,खडंजा निर्माण की मांग
भूख हड़ताल पर बैठा किसानः
हैरिंग्टनगंज
अयोध्या जिले के हैरिंग्टनगंज विकासखंड में ग्राम पंचायत मलेथू बुजुर्ग पूरे टूडी का पुरवा निवासी राम आनंद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने खडंजा निर्माण की मांग को लेकर यह कदम उठाया है। राम आनंद ने पिछले एक वर्ष में खंड विकास अधिकारी से लेकर जिला अधिकारी तक दर्जनों शिकायती पत्र लिखित और ऑनलाइन भेजे हैं। लेकिन उनकी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
राम आनंद का कहना है कि लगभग डेढ़ माह पूर्व वह धरने पर बैठे थे। तब विकासखंड हैरिंग्टनगंज से एक अधिकारी आए थे। उन्होंने एक महीने के अंदर खड़ंजे का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ है।
रास्ता अभी भी वैसा ही है। बारिश की कुछ बूंदें ही जल भराव की स्थिति बना देती हैं। धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों राधेश्याम, हरिश्चंद्र, रामतेज, ब्रह्मा दिन, दिलीप कुमार, बनवारी लाल, मेवालाल, श्यामबरन, हौशिला प्रसाद, रामबोद, सरवन और रामसुख का कहना है कि इससे अनेक समस्याएं हो रही हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं। रात में कोई बीमार पड़ जाए तो उसे चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। उसके बाद ही एंबुलेंस या निजी वाहन से अस्पताल ले जाया जा सकता है।
राम आनंद ने चेतावनी दी है कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेंगे। ग्रामीणों के अनुसार 2022-23 की कार्य योजना में यहां बोर्ड लगाया गया था। उस समय लगभग 250 मीटर मिट्टी पटाई का कार्य होना था। इसकी लागत एक लाख ग्यारह हजार रुपये दिखाई गई थी।
लेकिन महज 100 मीटर पटाई के बाद कार्य रोक दिया गया। अभी तक मिट्टी पटाई का कार्य भी पूरा नहीं किया गया है।