logo

ममता हुई शर्मसार :बिलाईगढ़ के तालाब में मिला मानव भ्रूण, गांव में सनसनी

मां की ममता को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के धारासिव गांव से सामने आई है, जहां एक मां की कोख से जन्म लेने वाला जीवन तालाब की लहरों में दम तोड़ता मिला। गांव के पनखत्ती तालाब में रविवार सुबह एक अज्ञात भ्रूण मिला, जिसे देख ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह भ्रूण पूर्ण रूप से विकसित अवस्था में था। भ्रूण के आंख, कान और अंग स्पष्ट नजर आ रहे थे, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि गर्भ में काफी समय तक वह पल चुका था। जैसे ही यह जानकारी गांव में फैली, तालाब के पास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना तुरंत बिलाईगढ़ थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को तालाब से बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह भ्रूण तालाब में कैसे और किन परिस्थितियों में फेंका गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसे मानवता के खिलाफ बताया। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

एक ओर मां की ममता संतान के लिए तरसती है, वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार कर देती हैं, जहां एक नवजीवन को जन्म लेने से पहले ही मिटा दिया जाता है। यह घटना न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि सामाजिक चेतना के लिए भी एक गहरी चिंता का विषय है।

475
13597 views