logo

बिग ब्रेकिंग न्यूज: नहीं रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन, झारखंड ने खोया अपना संघर्षशील सपूत 81 वर्ष की उम्र में दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में ली अंतिम सांस, पूरे राज्य में शोक की लहर

रांची/दिल्ली, 4 अगस्त 2025:झारखंड आंदोलन के प्रणेता, आदिवासी समाज की प्रखर आवाज और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक नेता शिबू सोरेन का आज निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आज सुबह 8:56 बजे अंतिम सांस ली। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

डॉ. एके भल्ला, अध्यक्ष, नेफ्रोलॉजी विभाग, सर गंगाराम अस्पताल ने जानकारी देते हुए कहा –
“यह बताते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि शिबू सोरेन जी को आज सुबह 8:56 बजे मृत घोषित किया गया। वे पिछले कुछ सप्ताह से गंभीर रूप से बीमार थे।”

शिबू सोरेन, जिन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता था, ने अपना पूरा जीवन आदिवासी हक, झारखंड की अस्मिता और सामाजिक न्याय के संघर्ष में समर्पित कर दिया। उनके निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है और राजनीतिक व सामाजिक संगठनों में मातम पसरा हुआ है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी जानकारी, जताया शोक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता के निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा –
“दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से झारखंड ने अपना पथप्रदर्शक खो दिया है। वे न केवल मेरे पिता थे, बल्कि पूरे आदिवासी समाज और झारखंड की आत्मा थे। उनका संघर्ष और योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।”

झारखंड की राजनीति का एक युग समाप्त

शिबू सोरेन झारखंड की राजनीति के वो स्तंभ थे जिन्होंने अलग राज्य की लड़ाई को आंदोलन का रूप दिया। वे केंद्र सरकार में कोयला मंत्री, लोकसभा सदस्य, तथा राज्य और देश की राजनीति में आदिवासी समाज के चेहरे के रूप में दशकों तक सक्रिय रहे।

उनके निधन को झारखंड की राजनीति में एक युग के अंत के तौर पर देखा जा रहा है। कई राष्ट्रीय नेताओं और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार ने झारखंड में राजकीय शोक की घोषणा की है।

झारखंड शोक में डूबा है — दिशोम गुरु को शत्-शत् नमन।

29
4446 views