सांसद हरेंद्र मलिक ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को दी श्रद्धांजलि, कहा – राष्ट्र ने खोया एक निर्भीक जनसेवक
नई दिल्ली/मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक ने पूर्व राज्यपाल श्री सत्यपाल मलिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हरेंद्र मलिक ने कहा कि –
"श्री सत्यपाल मलिक जी की स्पष्टवादिता, जनहित में लिए गए निर्भीक निर्णय और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने अपने जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता की आवाज को बुलंद किया।"
हरेंद्र मलिक ने इसे राष्ट्र और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सत्यपाल मलिक जैसे निर्भीक व जनपक्षधर नेता का जाना, न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी एक बड़ी कमी है, जिसकी भरपाई असंभव है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकसंतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।