logo

ब्रेकिंग न्यूज़: सारंडा जंगल में नक्सली हमला, IED ब्लास्ट में कोबरा बटालियन के दो जवान घायल

चाईबासा, झारखंड | 8 अगस्त 2025 — झारखंड के सारंडा जंगल में शुक्रवार को एक बार फिर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। दीघा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ की 209 कोबरा बटालियन के दो जवान राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना उस वक्त हुई जब सुरक्षाबल जंगल में नियमित गश्ती अभियान पर थे। विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि आसपास का इलाका दहल उठा। साथी जवानों ने तुरंत घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है, जहां उनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।

चाईबासा के एसपी राकेश रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज़ कर दिया गया है। सुरक्षा बल नक्सलियों की गतिविधियों पर पैनी नज़र बनाए हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार, सारंडा जंगल को नक्सलियों का गढ़ माना जाता है और इस क्षेत्र में पहले भी सुरक्षाबलों पर कई हमले हो चुके हैं। नक्सली सुरक्षा बलों की आवाजाही रोकने और नुकसान पहुंचाने के लिए इलाके में आईईडी बिछाते हैं, जो हल्के दबाव में भी फट जाते हैं।

इस ताज़ा हमले ने एक बार फिर जंगल क्षेत्र में नक्सली खतरे को उजागर किया है। फिलहाल, पूरे इलाके में सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

14
2089 views