logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जामनेर मॉब लिंचिंग मामले में आ. पठान ने मृतक सुलेमान के परिजनों से की मुलाकात

जामनेर मॉब लिंचिंग मामले में आ. पठान ने मृतक सुलेमान के परिजनों से की मुलाकात

घटना का कड़ा विरोध, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

अकोला : जळगांव जिले के जामनेर में 11 अगस्त 2025 को हुई 21 वर्षीय सुलेमान रहीमखान पठान की मॉब लिंचिंग की घटना ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल खड़ा कर दिया है। इस घटना की निंदा करते हुए अकोला पश्चिम के विधायक साजिद खान पठान जामनेर पहुंचे और मृतक सुलेमान पठान के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

इसके बाद विधायक पठान ने स्थानीय थाना प्रभारी और जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जांच की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कई सवाल खड़े किए – घटना के समय थाना प्रभारी का मोबाइल स्विच ऑफ क्यों था, इतनी बड़ी घटना की खबर पुलिस तक समय पर क्यों नहीं पहुँची, और सबसे बड़ा सवाल कि मुख्य आरोपी अब तक फरार क्यों है? साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस राजनैतिक दबाव में काम कर रही है।

विधायक पठान ने कहा कि मृतक सुलेमान पठान गणेश मंडल के अध्यक्ष थे और समाज में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे, इसके बावजूद पुलिस ने गंभीर लापरवाही दिखाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर जांच निष्पक्ष नहीं हुई और आरोपपत्र सही तरीके से दाखिल नहीं किया गया, तो आने वाले विधानसभा सत्र में यह मुद्दा कांग्रेस पार्टी और महाविकास आघाड़ी जोरदार तरीके से उठाएंगे।

फिलहाल पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है और अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

विधायक पठान ने दृढ़ता से कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस नेता रईस जमादार, एड. जावेद कुरैशी, शेख रियाज, शेख नजम, शेख शोएब, मुसा पिंजारी (अल्पसंख्यक शहराध्यक्ष), रफिक मौलाना, अशफाक पटेल, शेख मुख्तार, परवेज मुल्लाजी (जामनेर), एड. रईस जमादार, एड. जावेद कुरैशी तथा मलकापुर के पूर्व नगरसेवक समेत कई मान्यवर उपस्थित थे।


---

112
8764 views

Comment