logo

रायसेन बरेली में परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान, 6 स्कूल मैजिक वाहन पर कार्रवाई

बरेली (रायसेन), 25 सितम्बर 2025।
जिले में परिवहन विभाग द्वारा आज विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिला परिवहन अधिकारी जगदीश सिंह भील के नेतृत्व में टीम ने मुख्य मार्गों पर वाहनों की जांच की।

अभियान में कुल 30 वाहनों के दस्तावेज परीक्षण किए गए। जांच के दौरान पाया गया कि 6 स्कूल मैजिक वाहन बिना HSRP (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) और आवश्यक दस्तावेजों के पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर इन वाहनों को तुरंत जप्त कर पुलिस थाना बरेली में निराकरण की प्रत्याशा में खड़ा कराया गया।

विभाग ने मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने वाले इन 6 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 5000 रुपये का जुर्माना वसूल किया। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इसी प्रकार की सघन जांच अभियान चलाए जाएंगे। सभी वाहन संचालकों को नियमों का पालन करने, वाहन फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों को पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई है।

48
1005 views