
बरेली में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर विवाद पर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार की नमाज के बाद माहौल अचानक गरमा गया। ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे गए पोस्टर को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में लोग पोस्टर और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करने लगे।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी इस पोस्टर विवाद को लेकर काफी आक्रोशित थे। भीड़ बढ़ते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रदर्शन को समाप्त करने की अपील की।
हालांकि, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनातनी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कुछ स्थानों पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया।
लाठीचार्ज के बाद अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा और भगदड़ की स्थिति बनी रही।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।