
भारतीय वायु सेना का मिग 21 लड़ाकू विमान सेवानिवृत्त हुआ।
भारत के रक्षा इतिहास में मिग-21 लड़ाकू विमान का विशेष स्थान रहा है। इसे 1963 में सोवियत संघ से खरीदा गया और यह भारतीय वायुसेना का पहला सुपरसोनिक जेट बना। प्रारंभिक वर्षों में भारत ने लगभग 60 मिग-21 रूस से आयात किए, इसके बाद सोवियत तकनीक के सहयोग से हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) में बड़े पैमाने पर इसका निर्माण हुआ। अनुमानतः 600 से अधिक मिग-21 भारत में बने। उस समय इनकी कीमत अपेक्षाकृत कम थी, जिससे यह भारत की वायुसेना की रीढ़ बन गया।
भारत-पाक युद्धों में मिग-21 का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। 1965 के युद्ध में सीमित प्रयोग हुआ, किंतु 1971 के युद्ध में मिग-21 ने पाकिस्तान के कई साब्र और स्टारफाइटर विमानों को मार गिराकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। 1999 के कारगिल संघर्ष में भी इसका प्रयोग हुआ, हालांकि उस समय यह आधुनिक तकनीक वाले विमानों के मुकाबले पुराना पड़ चुका था।
समय के साथ दुर्घटनाओं ने मिग-21 की छवि को धूमिल किया। तकनीकी जटिलताओं, सीमित सुरक्षा प्रणाली और नए पायलटों के प्रशिक्षण की कठिनाइयों के कारण कई हादसे हुए। इस कारण इसे "फ्लाइंग कॉफिन" की संज्ञा भी दी गई।मिग-21 और राफेल तकनीकी दृष्टि से बिल्कुल अलग पीढ़ियों के विमान हैं। मिग-21 (1960 के दशक) एक हल्का, सुपरसोनिक जेट लडाकू विमान है जिसकी अधिकतम गति लगभग 2,175 किमी/घं., रेंज 1,200 किमी और सीमित हथियार क्षमता है। इसमें आधुनिक एवियोनिक्स व रडार तकनीक का अभाव है।यह मुख्यत पाकिस्तान को ध्यान मे रखकर लिया गया था।
इसके विपरीत राफेल (21वीं सदी का 4.5 पीढ़ी का लड़ाकू विमान) अत्याधुनिक AESA रडार, स्टेल्थ डिजाइन, मल्टी-रोल क्षमता, हवा-से-हवा और हवा-से-जमीन मिसाइलों, परमाणु हथियार और 3,700 किमी से अधिक की रेंज से लैस है। यह उच्च सुरक्षा, बेहतर नियंत्रण और नेटवर्क-केंद्रित युद्ध क्षमता प्रदान करता है।
आधुनिक तकनीक और अधिक सुरक्षित विमानों की उपलब्धता के चलते मिग-21 को अब विदाई दी गई है। तेजस, राफेल और सुखोई जैसे विमानों के आने से भारतीय वायुसेना ने नई शक्ति पाई है, जबकि मिग-21 एक गौरवशाली किंतु कठिन विरासत के रूप में इतिहास का हिस्सा बन गया।
मिग 21 भारत- रूस की दोस्ती का प्रतीक बना रहा है।1950 मे भी रूस भारत को शुभचिंतक था और आज भी शुभचिंतक है ठीक उसी तरह जैसे पुराने चावल महत्वपूर्ण होते है उसी तरह पुराने दोस्त भी दिल के नजदीक होते है।