
मिशन शक्ति फेज 5.0 : खीरी पुलिस ने महिलाओं को जागरूक कर दिया सुरक्षा व आत्मनिर्भरता का संदेश
लखीमपुर, खीरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत थाना खीरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत कारीपोखर में महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, साइबर क्राइम 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन नंबर 112, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया। इसके साथ ही कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित पेंशन योजना व अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभ एवं पात्रता के बारे में विस्तार से बताया गया।
थानाध्यक्ष निराला तिवारी ने कहा कि “मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का सशक्त संकल्प है। पुलिस हमेशा हर जरूरतमंद महिला व बालिका के साथ खड़ी है।”
इस अवसर पर एसआई अर्पिता शुक्ला, महिला आरक्षी प्रीति शर्मा, सृष्टि, होमगार्ड दीप्ति, दिव्या, हेड कांस्टेबल हरिलाल, हेड कांस्टेबल संतोष सिंह, कांस्टेबल शुभम, कांस्टेबल रजनीश व कांस्टेबल शिखर पांडेय सहित थाना खीरी का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
स्थानीय महिलाओं व छात्राओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें आपात स्थिति में किस नंबर पर कॉल करनी है और कौन-सी योजनाओं का लाभ मिल सकता है, इसकी स्पष्ट जानकारी मिली है।