
जनपद जालौन में 156वीं गांधी एवं 121वीं शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई।
जालौन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने गांधीजी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधीजी और शास्त्री जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उनका आदर्श महिलाओं की उन्नति, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के लिए मार्गदर्शक है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, निराश्रित महिला पेंशन, मिशन शक्ति, बीसी सखी, सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने गांधीजी के ग्राम स्वराज्य के विचार और आत्मनिर्भर गांव के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, अपर जिलाधिकारी न्यायिक और अन्य अधिकारियों ने गांधीजी के जीवन मूल्यों और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी अतुल कुमार और हेमन्त पटेल, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।