
विजयदशमी, गांधी-शास्त्री जयंती पर महावीर कॉलेज में कार्यक्रम
हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान' विषय पर हुए विविध आयोजन
रायबरेली महाराजगंज। महावीर स्टडी इस्टेट सीनियर सेकेंडरी कॉलेज में विजयदशमी, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान 'हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान' विषय पर भी विशेष कार्यक्रम हुए।
प्रार्थना सभा के बाद गणमान्य व्यक्तियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानाचार्य कमल बाजपेई ने बताया कि विजयदशमी पर देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध कर विजय प्राप्त की थी, और इसी दिन भगवान राम ने रावण पर विजय पाई थी। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और 'जय जवान जय किसान' का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी है। इन महापुरुषों का देश के प्रति योगदान अविस्मरणीय है।
स्वतंत्रता के अमृत काल में संविधान के अंगीकरण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. बी.आर. अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की गई और संविधान निर्माण तथा स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
वक्ताओं ने कहा कि संविधान हमें न केवल अधिकार देता है, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख भी देता है। 'हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान' केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन और अधिकारों की रक्षा का संकल्प है।
संविधान स्वतंत्रता, भाईचारा, सामाजिक सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, छुआछूत और लैंगिक समानता से संबंधित चुनौतियों का सामना करने का मार्ग प्रशस्त करता है। समय-समय पर किए गए संशोधनों को जन-जन तक पहुंचाना भी इसका उद्देश्य है।
सभी से अपने मूलभूत अधिकारों और कर्तव्यों को समझने तथा देश के प्रति तन-मन-धन न्योछावर करने का आह्वान किया गया, ताकि देश महान बन सके।
इस अवसर पर पीआरओ राजीव मिश्रा, अनिमेष मिश्रा, सुरेंद्र प्रजापति, अवनीश सिंह, अमरेंद्र प्रजापति, रामजी, जगदीश तिवारी, सुशीला, सुनीता, सीमा, नजरअली, रामसेवक, सोनी, मातादेई, सावित्री सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।