logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

तिवलकर हत्याकांड : नातिन ने प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

एमआईडीसी क्षेत्र के सप्तक नगर इलाके में  विजयाबाई पांडूरंगजी तिवलकर (65)  हत्याकांड का  पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 
मामले में आरोपी नीलेश प्रकाश पौनीकर (18) न्यू मंगलवारी, कादिर उर्फ बाबा खान (18) गुलशन नगर,  फरदीन खान (22) यादव नगर  और आरजू उर्फ मोहम्मद कमर आलम (20)  वनदेवी नगर निवासी को गिरफ्तार किया गया है। घटना की मुख्य सूत्रधार मृतक विजयाबाई की नातिन और उसका प्रेमी है। दोनों फरार हैं। 

लाखों के गहने होने का अनुमान
विजयाबाई की नातिन ने अपने प्रेमी को बताया था कि उसकी नानी के पास काफी पैसे हैं। योजना के अनुसार लूटपाट के इरादे से  विजयाबाई के घर में सभी आरोपी घुसे थे। विरोध करने पर विजयाबाई के गले पर चाकू से वार कर मार डाला गया।  विजयाबाई एसआरपीएफ की सेवानिवृत्त कर्मचारी थी। सप्तक नगर में मकान था। उनकी नातिन कभी-कभार आती-जाती थी। उसे अनुमान था कि उसकी नानी के पास करीब 15 लाख रुपए के गहने होंगे। विजयाबाई की नातिन ने मौज-मस्ती के लिए अपने मित्र फैजान व उसके मित्र बाबा, निलेश, फरदीन को लूटपाट के लिए राजी कर लिया था।

घटना को ऐसे दिया अंजाम   
विजयाबाई की नातिन  गुरुवार की रात उनके घर गई। रात में भोजन करने के बाद उसने फैजान को  फोन किया। उस दिन रात में फैजान और उसके चार दोस्त आस-पास के इलाके में मौजूद थे। नातीन की मदद से सभी आरोपी उसके घर में घुसे। विजयाबाई के जागने पर आरोपियों ने उनका हाथ पैर पकड़ कर गला तकिया से दबा दिया। उसके बाद चाकू से गला रेतकर मार डाला। घर के गहने व नकदी लूटकर आरोपी फरार हो गए।

दो दर्जन लोगों से पूछताछ
पुलिस ने दो दर्जन लोगों से पूछताछ की, तो विजयाबाई की नातिन के बारे में पता चला कि वह घर से गायब है। शक की सुई उस पर जा टिकी। इस बीच कलमना इलाके से पुलिस ने शनिवार की रात में आरोपी बाबा, नीलेश पौनीकर और फरदीन खान को गिरफ्तार किया। रविवार को शाम में इन तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी आरजू को गिरफ्तार किया। अभी नातिन और उसका प्रेमी फरार है। उनके पास नकदी 23 हजार व गहने हैं। 

हवलदार की भूमिका संदेह के घेरे में
सूत्रों के अनुसार एमआईडीसी थाने के एक हवलदार की भूमिका संदेह के घेरे में है। हवलदार के संपर्क में एक आरोपी दो दिनों से था। यह आरोपी थाने के आस-पास भी इस हवलदार से बतियाते देखा गया था। हवलदार के मोबाइल का सीडीआर निकाले जाने पर सारे मामले से पर्दा उठ जाएगा। इसके पहले भी यह हवलदार काफी विवादित रहा है।

138
14922 views

Comment