logo

छेरकापुर में बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, लूट के आरोपी नाई को पलारी पुलिस ने पकड़ा

पलारी। थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम छेरकापुर में बीते माह हुई एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। घटना में एक वृद्ध महिला पर घर में घुसकर उस्तरा/चाकू से हमला कर लूटपाट करने वाले आरोपी नाई को थाना पलारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वारदात के बाद महिला को गंभीर रूप से घायल कर उसके पैर में पहने चांदी के दो लच्छा लूट लिए थे और मौके से फरार हो गया था।

घटना का विवरण

दिनांक 29 सितंबर 2025 को ग्राम छेरकापुर निवासी सौरभ कुमार साहू ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खेत से लौटने के बाद दोपहर लगभग 3:30 बजे जब उसके माता-पिता घर पहुंचे तो देखा कि उसकी दादी गीता साहू कमरे में खून से लथपथ पड़ी हुई थीं। वृद्धा ने होश में आने पर बताया कि गांव का नाई घर आया था, जिसने गला दबाकर और उस्तरा/चाकू से वार करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया तथा पैर में पहने दो चांदी के लच्छा उतारकर भाग गया।

इस गंभीर वारदात की सूचना पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 362/2025 धारा 333, 309(4), 109 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की सक्रिय जांच और गिरफ्तारी

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में थाना पलारी की टीम ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में घायल गीता साहू का विस्तृत बयान लिया गया, जिसमें वृद्धा ने हमलावर को पहचानने की जानकारी दी।

पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी घनश्याम सेन (उम्र 40 वर्ष) निवासी ग्राम बलौदी, वर्तमान निवासी ग्राम छेरकापुर थाना पलारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि वह लूट करने की नीयत से गीता साहू के घर गया था। वृद्धा ने विरोध किया, तो उसने उस्तरा/चाकू से हमला कर दिया और उनके पैर से चांदी के लच्छा निकालकर भाग गया।

आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त उस्तरा/चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को 3 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।

थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने बताया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल जांच के लिए रवाना किया गया था। वृद्धा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकीय उपचार के साथ साक्ष्य एकत्रित किए गए। लगातार सघन पूछताछ और गांव में मुखबिरों की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है और उसके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। पुलिस की प्राथमिकता वृद्ध महिला को न्याय दिलाना और अपराधी को सजा दिलवाना है।

626
9981 views