logo

भगवान बिरसा मुण्डा साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान के प्रतीक - स्पीकर श्री ओम बिरला

कोटा, 14 नवम्बर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को सुभाष नगर में राजस्थान भील समाज विकास समिति द्वारा आयोजित भगवान बिरसा मुण्डा जयंती समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा ने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान से न सिर्फ आदिवासी समाज, बल्कि पूरे देश को मार्गदर्शन दिया। आज़ादी से पहले उनके नेतृत्व में लड़ी गई लड़ाइयाँ जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा का अहम अध्याय हैं। जनजातीय गौरव दिवस उनके महान त्याग को नमन करने और उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

बिरला ने कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के साथ-साथ स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक न्याय की लड़ाई में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने नागालैंड के खोनोमा गांव में अपने हालिया प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि एक छोटे से जनजातीय गांव ने अंग्रेजों के खिलाफ साहसिक संघर्ष कर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर किया। उन्होंने उन अनगिनत जनजातीय वीरों को भी स्मरण किया, जिनके बलिदान देश की अमूल्य धरोहर हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज भी कई आदिवासी गांव बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जिन्हें दूर करना हमारी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू की गई पहलें जैसे जनजातीय गौरव दिवस, भूमि अधिकार योजना और एकलव्य मॉडल विद्यालय जनजातीय क्षेत्रों में बड़े सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आने वाले वर्षों में छात्रावास, डिजिटल लाइब्रेरी, कौशल विकास केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएँ और खाद्य सुरक्षा योजनाएँ हर जनजातीय परिवार तक पहुँचेंगी।

बिरला ने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का आधार है। कई पीढ़ियों तक शिक्षा के अभाव में जनजातीय समाज आरक्षण और अन्य योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पाया, इसलिए अब हर गांव के बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर गांव में युवाओं और महिलाओं की एक टीम तैयार की जाएगी, जो सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दोनों को घर-घर तक पहुँचाएगी। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया।

समारोह में बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

5
594 views