logo

श्रेयसी , प्रफुल्ल और सावित्री ने दूसरी बार चखा जीत का स्वाद।

दामोदर ने छठी बार पहना जीत का सेहरा , जदयू में ऊर्जा के साथ उल्लास।

जमुई एनडीए में जश्न का माहौल , ई.शंभू ने घनबेरिया का पेड़ा खिलाकर दी बधाई।

रिपोर्टर : विजय कुमार ठाकुर

जमुई जिला अंतर्गत 240 सिकंदरा (सु) विधानसभा क्षेत्र , 241 जमुई , 242 झाझा और 243 चकाई विधानसभा क्षेत्र का नतीजा बीते देर शाम तक घोषित कर दिया गया। एनडीए को तीन और महागठबंध को एक सीट पर जीत मिली। चकाई विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी संजय प्रसाद ने 48065 वोट लाकर पूरे बिहार में सबसे ज्यादा मत प्राप्त करने वाले स्वतंत्र उम्मीदवार नामित किए गए। श्री प्रसाद ने भारी मत हासिल कर जहां जमुई समेत पूरे बिहार को चौंका दिया वहीं जदयू प्रत्याशी सुमित कुमार सिंह को हार का सामना करने के लिए मजबूर कर दिया। राजनीतिक विश्लेषक अपने अपने ढंग से चकाई के चुनाव परिणाम का विश्लेषण कर रहे हैं। संजय प्रसाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सुर्खियां बटोर रहे हैं। सबसे पहले झाझा विधानसभा क्षेत्र की बात करते हैं। यहां बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह वर्तमान विधायक और जदयू के दिग्गज नेताओं में से एक दामोदर रावत पार्टी प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में थे। उनका सीधा मुकाबला भारत सरकार के पूर्व मंत्री और राजद के दिग्गज नेता जयप्रकाश नारायण यादव से था। श्री रावत ने श्री यादव को 4262 मतों के अंतर से हराया। जदयू प्रत्याशी को कुल 108317 मत मिले वहीं राजद उम्मीदवार को 104055 वोट से संतोष करना पड़ा। बता दें कि दामोदर रावत ने झाझा विधानसभा क्षेत्र से छठी बार जीत का परचम लहराया है। जमुई विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी ने गोल्डन गर्ल की उपाधि से प्रख्यात श्रेयसी सिंह को उम्मीदवार बनाया था।उनका सीधा भिड़ंत राजद उम्मीदवार मो. शमशाद आलम से था। गोल्डन गर्ल ने श्री आलम को 54498 मतों से करारी शिकस्त दी। बीजेपी उम्मीदवार को 123868 मत मिले वहीं राजद प्रत्याशी को 69370 वोटों से संतोष करना पड़ा। अंकित करने वाली बात है कि श्रेयसी सिंह की यह लगातार दूसरी जीत है। सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से हम पार्टी के उम्मीदवार प्रफुल्ल कुमार मांझी ने जीत दर्ज की है।उन्होंने राजद प्रत्याशी और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को 23907 मतों के बड़े अंतर से हराया। श्री मांझी को 91603 मत मिले वहीं श्री चौधरी को 67696 वोटों से संतोष करना पड़ा। गौरतलब है कि प्रफुल्ल कुमार मांझी भी लगातार दूसरी बार जीतकर विधानसभा जा रहे हैं।चकाई विधानसभा क्षेत्र का चुनाव परिणाम पूरे बिहार में सुर्खियां बटोर रहा है। नीतीश सरकार के कुल 29 मंत्रियों में 28 ने जीत दर्ज की वहीं एकमात्र मंत्री सुमित कुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा। यहां से राजद उम्मीदवार सावित्री देवी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने बिहार सरकार के मंत्री सुमित कुमार सिंह को 12972 वोटों से हराया। श्रीमती देवी को 80357 मत मिले वहीं श्री सिंह को 67385 वोटों से संतोष करना पड़ा। सावित्री देवी भी दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुई हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व जदयू प्रत्याशी सह पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद ने चकाई के साथ जमुई जिला और पूरे राज्य को अपनी मजबूत स्थिति से चौंका दिया। उन्होंने 48065 वोट लाकर जहां मुकाबला को त्रिकोणीय बना दिया वहीं मंत्री सुमित कुमार सिंह के हार का भी एक महत्वपूर्ण पहलू बने। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में 48065 वोट लाकर उन्होंने नए इतिहास का लेखन किया है।जदयू के शीर्षस्थ नेताओं के साथ आम जनता उनकी राजनीतिक ताकत का एहसास कर रहे हैं। उनके विशाल जनसमर्थन का भी आकलन के साथ मंथन किया जाने लगा है।उधर जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष सह जिला बीस सूत्री कमिटी के सदस्य ई.शंभू शरण अपने समर्थकों के साथ बीजेपी के विजयी प्रत्याशी श्रेयसी सिंह के गिद्धौर स्थित आवास लाल कोठी गए और वहां उनसे शिष्टाचार मुलाकात किया। ई. शरण ने इस दरम्यान उन्हें पुष्प गुच्छ देकर और घनबेरिया का मशहूर पेड़ा खिलाकर लगातार दूसरी बड़ी जीत की बधाई और शुभकामना दी। जदयू नेता रामानंद सिंह समेत लोगों ने इस दरम्यान भारत माता की जय , वंदे मातरम और जय हिंद का गगनभेदी उद्घोष किया। नव निर्वाचित विधायक सह गोल्डन गर्ल ने भी हर हर महादेव, का जयघोष कर समर्थकों को बाबा वैद्यनाथ का नगर क्षेत्र होने का एहसास कराया। लाल कोठी में ऊर्जा , उमंग और उत्साह झलक रहा था।

8
2087 views