
"आईटीआई श्रीनगर (गढ़वाल) में संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित"
श्रीनगर (गढ़वाल), 26 नवंबर 2025।
गढ़वाल संबाददाता जयमल चंद्रा
संविधान दिवस के अवसर पर आज आईटीआई श्रीनगर (गढ़वाल) में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल द्वारा विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुमारी अलका, सिविल जज (ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट) श्रीनगर एवं अध्यक्ष, विधिक सेवा समिति श्रीनगर तहसील ने शिरकत की। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व, नागरिक अधिकारों, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता, तथा न्याय तक सभी की समान पहुंच पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने की। उन्होंने छात्रों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों को समझने एवं उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह पुंडीर, कार्यक्षेत्र अधिकारी दीपक सिंह, उत्तम सिंह तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार ने भी विभिन्न कानूनी विषयों पर उपयोगी जानकारी प्रदान की, जिसमें साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, नशा उन्मूलन, और उपभोक्ता अधिकार जैसे विषय शामिल रहे।
शिविर में विधिक सेवा समिति के सदस्य पूनम हटवाल, प्रियंका रॉय, प्रीति बिष्ट, रोशनी रतूड़ी और मानव सिंह बिष्ट सहित संस्थान के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शमीम अहमद ने किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस जागरूकता शिविर को प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।