logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राज्य सरकार ने संकल्प पत्र 70 प्रतिशत वादे पूरे किए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा



आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सूचना क्रांति के युग में सोशल मीडिया जनता के बीच पहुंचने का सशक्त और सुगम माध्यम है। सोशल मीडिया जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता और जवाबदेहिता के साथ सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सोशल मीडिया वॉरियर्स के समर्पण और कर्मठता के कारण पार्टी को विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत प्राप्त करने में सहयोग मिला। मुख्यमंत्री रविवार को कृषि अनुसंधान केन्द्र, दुर्गापुरा में भाजपा की सोशल मीडिया वॉरियर्स मीट-2025 को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं से बनें संकल्प पत्र का क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए राज्य सरकार प्रदेश का सर्वांगीण विकास कर रही है। लगभग दो वर्ष के कार्यकाल में करीब 70 फीसदी संकल्प पत्र के वादों को पूरा भी कर लिया गया है। भाजपा सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को बिना भेदभाव के 28 करोड़ रुपए दिए हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में पेपर लीक हुए जिससे युवाओं के सपनों के साथ कुठाराघात हुआ। जबकि भाजपा की सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। हम युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए भर्ती परीक्षाओं का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता के साथ कर रहे हैं। राज्य सरकार 2 वर्षों में युवाओं को 92 हजार सरकारी नियुक्तियां दे चुकी है। इस माह लगभग 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के गठन के समय प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया गया, जिसके अनुरूप योजनाओं और नीतियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। हमने लंबित रामजल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते को गति प्रदान की। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान लगभग 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू किए। जिनमें से 7 लाख करोड़ से अधिक के धरातल पर उतर चुके हैं। राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए है। आज राजस्थान में किसानों को किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत 9000 रुपये मिल रहे है। पशुपालकों को डेढ़ लाख का गोपालक क्रेडिट कार्ड और दूध पर 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान भी दिया जा रहा है। वर्ष 2027 तक किसानों को दिन के समय में बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य के क्रम में वर्तमान में 22 जिलों के किसानों को दिन के समय में बिजली उपलब्धता शुरू भी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं पर अभूतपूर्व कार्य हुआ है। उनके मार्गदर्शन में देश-प्रदेश सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब को गणेश मानते हुए अन्त्योदय की विचारधारा के साथ कार्य कर रही है। सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी के मजबूत स्तंभ है। वें जन-जन तक राज्य सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं और पार्टी को मजबूत करेंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आधुनिक तकनीकों के तेजी से विकास ने सोशल मीडिया को सूचना प्रसार का सबसे प्रभावी और त्वरित माध्यम बना दिया है। वर्तमान समय में सोशल मीडिया न केवल जनसंपर्क का साधन है, बल्कि सरकार एवं संगठन की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। भाजपा लगातार इस दिशा में संगठित प्रयास कर रही है ताकि सकारात्मक और विकासोन्मुख संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच सके।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी में किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि नीतिगत संकल्पों और संगठनात्मक मूल्यों की प्रधानता है। भाजपा सदैव राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करती आई है और भविष्य में भी यही मार्गदर्शक सिद्धांत रहेगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के विचारों को आधार मानते हुए पार्टी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेज़ी से विकास की राह पर अग्रसर है। राज्य सरकार पारदर्शिता, सुशासन और सेवा भाव को केंद्र में रखकर काम कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों—चाहे वह बुनियादी ढाँचा हो, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं हों, या युवा व किसान हितैषी नीतियां — सभी में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन और सरकार के सामूहिक प्रयासों से आने वाला समय राजस्थान के लिए नई उपलब्धियों और विकास के नए अध्याय लेकर आएगा।
भाजपा का संकल्प है विकसित भारत, विकसित राजस्थान। पार्टी जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने और राज्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहेगी।
इस दौरान भाजपा सोशल मीडिया के प्रदेश प्रभारी हीरेन्द्र कौशिक, प्रदेश संयोजक (आई.टी.) अविनाश जोशी, अजय विजयवर्गीय सहित सोशल मीडिया से जुड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे

49
103 views

Comment