logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आगरा मथुरा एक्सप्रेस में हुए सड़क दुर्घटना में प्रतापपुर विधानसभा के भाजपा नेता की मौत

प्रतापपुर प्रयागराज।
आगरा-मथुरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बस से हुई जोरदार टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई, जिसमें भाजपा के युवा नेता अखिलेंद्र प्रताप यादव उर्फ राजू (42) की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव मोहीउद्दीनपुर नहटी, थाना सराय ममरेज सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। सराय ममरेज थाना क्षेत्र के मोहीउद्दीनपुर नहटी गांव निवासी अखिलेंद्र प्रताप यादव, क्षेत्र के पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्वर्गीय बंशीधर यादव के इकलौते पुत्र थे। वह भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अखिलेंद्र प्रताप यादव अपनी निजी ब्रेजा कार से चार साथियों के साथ भाजपा मंत्री गिरीश चंद्र यादव के पिता की तेरहवीं में शामिल होने जौनपुर गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात वह दिल्ली के लिए रवाना हुए। भोर करीब तीन बजे आगरा-मथुरा एक्सप्रेसवे पर बलदेव थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास उनकी कार की एक बस से टक्कर हो गई। टक्कर होते ही कार में भीषण आग लग गई। कार में सवार चार अन्य लोग-राजकुमार, गुड्डू, चालक नीरज और एक अन्य किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन अखिलेंद्र प्रताप यादव कार के अंदर ही फंस गए और आग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, घर में कोहराम मच गया। वृद्ध मां फूलवंती देवी, पत्नी सुनीता, तीन नाबालिग बेटियां और तीन बेटे समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
अखिलेंद्र प्रताप यादव की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों को सांत्वना देने के लिए भाजपा के कई स्थानीय नेता और जनप्रतिनिधि उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। इनमें अरविंद विश्वकर्मा, घनश्याम पांडेय जवाहर सिंह गौड़, शैलेश कुमार यादव, ब्लॉक प्रमुख बलई राम मिश्र, हरीभूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में सभी वर्गों के लोग शामिल हुए । उनका अंतिम संस्कार आज हंडिया स्थित लाक्षाग्रह घाट पर वैदिक विधि विधान से किया गया !

53
1476 views

Comment