
नव वर्ष पर जुन्नारदेव को बड़ी सौगात: रेलवे ओवरब्रिज से मिली जाम और इंतजार से मुक्ति
नव वर्ष पर जुन्नारदेव को बड़ी सौगात: रेलवे ओवरब्रिज से मिली जाम और इंतजार से मुक्ति
जुन्नारदेव।
नव वर्ष 2026 के अवसर पर छिंदवाड़ा जिले की जुन्नारदेव नगरी को एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात मिली है। मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एम.पी.आर.डी.सी.) द्वारा तामिया–जुन्नारदेव मार्ग पर निर्मित जुन्नारदेव रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का कार्य पूर्ण हो गया है, जिससे अब नगरवासियों को रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम और घंटों के इंतजार से राहत मिलेगी।
राज्य राजमार्ग क्रमांक-41 पर जुन्नारदेव नगरीय क्षेत्र में रेलवे ट्रैक कि.मी. 943/0, लेवल क्रॉसिंग ए-पी-37 पर बनाए गए इस आधुनिक रेलवे ओवरब्रिज की कुल लंबाई 554 मीटर है। इसमें 330 मीटर लंबे 11 स्पैन, दोनों ओर 84-84 मीटर के बॉक्स तथा 140 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण किया गया है। मजबूत संरचना और आधुनिक तकनीक से निर्मित यह ओवरब्रिज क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नया आयाम देगा।
इस ओवरब्रिज के चालू होने से जुन्नारदेव तहसील की लगभग 30 प्रतिशत आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। वर्षों से रेलवे फाटक बंद रहने के कारण स्कूल, अस्पताल, बाजार और कार्यालय आने-जाने में लोगों को भारी परेशानी होती थी। विशेषकर आपातकालीन सेवाओं, एम्बुलेंस और विद्यार्थियों को समय पर आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जो अब समाप्त हो जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह ओवरब्रिज केवल एक पुल नहीं, बल्कि जुन्नारदेव के विकास की नई राह है। इससे समय की बचत के साथ-साथ ईंधन की खपत कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी घटेंगी। व्यापार और परिवहन को गति मिलने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
नव वर्ष के शुभ अवसर पर मिले इस तोहफे को जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जुन्नारदेव रेलवे ओवरब्रिज न केवल यातायात सुविधा का प्रतीक बनेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत नींव भी साबित होगा।