logo

तीसरे जैविक/प्राकृतिक हाट बाज़ार में उमड़ा जनविश्वास, लगभग एक लाख की बिक्री से बढ़ा किसानों का उत्साह

तीसरे जैविक/प्राकृतिक हाट बाज़ार में उमड़ा जनविश्वास,
लगभग एक लाख की बिक्री से बढ़ा किसानों का उत्साह

सागर।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देशन में कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना सागर की संयुक्त पहल से आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाज़ार का तीसरा आयोजन रविवार को पीटीसी ग्राउंड के समीप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हाट बाज़ार में किसानों और उपभोक्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह पहल जिले में तेजी से जनविश्वास अर्जित करती दिखाई दी।

हाट बाज़ार में जैविक एवं प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियां, फल, अनाज, दालें, मसाले, मिलेट्स, गुड़, शहद, आटा, दलिया सहित विभिन्न प्रसंस्कृत प्राकृतिक खाद्य उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध रहे।

उपभोक्ताओं ने रसायन-मुक्त, ताजे एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की सराहना की और सीधे किसानों से खरीदारी कर संतोष व्यक्त किया। किसानों ने बताया कि इस व्यवस्था से उन्हें बिचौलियों से मुक्त होकर अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 25 से अधिक जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद विक्रेताओं ने अपने उत्पाद प्रदर्शित एवं विक्रय किए। हाट बाज़ार में लगभग 300 से 350 उपभोक्ताओं ने सहभागिता करते हुए सीधे किसानों से खरीदारी की।

कुल मिलाकर हाट बाज़ार में लगभग 1 लाख रुपये के जैविक एवं प्राकृतिक खाद्य उत्पादों की बिक्री दर्ज की गई, जिससे किसानों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

नागरिकों ने जैविक/प्राकृतिक हाट बाज़ार को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग करते हुए इसे किसानों की आय बढ़ाने तथा आमजन को स्वस्थ, सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह हाट बाज़ार अब प्रत्येक रविवार नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि किसानों को स्थायी बाज़ार और उपभोक्ताओं को भरोसेमंद जैविक उत्पाद उपलब्ध हो सकें।

यह पहल जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

AIMA मीडिया नेटवर्क सागर से
संवाददाता सोनू प्रजापति की रिपोर्ट
Mob 7582995977

15
10 views