logo

*शासकीय महाविद्यालय चंदिया में स्वामी विवेकानंद जी पर निबंध प्रतियोगिता, युवाओं को मिला राष्ट्र निर्माण का संदेश*

उमरिया।
स्वामी विवेकानंद जी की जयंती “युवा दिवस” के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा उमरिया द्वारा 06 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक जिलेभर में “सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में *आज 06 जनवरी 2026 को शासकीय महाविद्यालय चंदिया* में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, विचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

यह आयोजन भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा, भोपाल के निर्देशानुसार तथा *रेड क्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया के अध्यक्ष श्री धरणेन्द्र कुमार जैन जी (कलेक्टर उमरिया) के मार्गदर्शन में, सभापति श्री अखिलेश त्रिपाठी, प्रदेश प्रतिनिधि श्री मान सिंह एवं सचिव श्री राकेश शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।* कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों के माध्यम से सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत में शासकीय महाविद्यालय चंदिया के प्रोफेसर डॉ. राम गोपाल सिंह जी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वामी विवेकानंद जी के जीवन परिचय एवं उनके विचारों की वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रेड क्रॉस सोसायटी उमरिया, करकेली ब्लॉक के सहसंयोजक *श्री संतोष त्रिपाठी* जी रहे। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि *“स्वामी विवेकानंद जी केवल एक संत नहीं, बल्कि युवाओं के लिए आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र उत्थान का जीवंत आदर्श हैं।”* उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के बाल्यकाल से लेकर संन्यास जीवन, शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण तथा भारत को विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने में उनके योगदान पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

श्री संतोष त्रिपाठी जी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद जी के “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाएं तथा शिक्षा, सेवा और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने रेड क्रॉस जैसी संस्थाओं के माध्यम से समाज सेवा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रेरणा भी दी।

इसके पश्चात *महाविद्यालय में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में लगभग 35 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया* और अपने लेखन के माध्यम से स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, विचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया, करकेली ब्लॉक के संयोजक श्री अनुराग तिवारी जी, सहसंयोजक श्री संतोष त्रिपाठी जी, श्री शशांक अग्रवाल जी, प्रबंधन समिति के सदस्य श्री राकेश शर्मा जी, श्रीमती रजनी साहू जी, श्री चंदन अग्रवाल जी सहित महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता तिवारी जी, प्रोफेसर डॉ. राम गोपाल सिंह जी, डॉ. धर्म शर्मा जी एवं डॉ. रजनीश द्विवेदी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

*कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात कर सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।*

7
539 views