logo

*युवा दिवस पर शासकीय हाई स्कूल सिलौड़ी में स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित हुए छात्र*


उमरिया।
स्वामी विवेकानंद जी की जयंती “युवा दिवस” के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा उमरिया द्वारा 6 से 12 जनवरी 2026 तक जिलेभर में “सेवा सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 जनवरी को शासकीय हाई स्कूल सिलौड़ी में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन पर आधारित संवाद कार्यक्रम, वाद–विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

यह कार्यक्रम *भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा, भोपाल के निर्देशानुसार तथा रेड क्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया के अध्यक्ष श्री धरणेन्द्र कुमार जैन (कलेक्टर उमरिया) के मार्गदर्शन में, सभापति श्री अखिलेश त्रिपाठी, प्रदेश प्रतिनिधि श्री मान सिंह एवं सचिव श्री राकेश शर्मा के नेतृत्व* में संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों के माध्यम से आत्मविश्वास, अनुशासन, सेवा भाव तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्य श्री दीपक नामदेव रहे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके आध्यात्मिक दर्शन, युवाओं के प्रति उनके विश्वास और शिकागो धर्मसभा में दिए गए ऐतिहासिक संबोधन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं को कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

संवाद कार्यक्रम, वाद–विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, चरित्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र विकास जैसे विषयों पर बेबाकी से अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल ने उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी उमरिया, करकेली ब्लॉक के संयोजक श्री अनुराग तिवारी, सहसंयोजक श्री संतोष त्रिपाठी, श्री शशांक अग्रवाल, श्री तेज सिंह ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे स्वामी विवेकानंद जी के “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश को जीवन में अपनाकर शिक्षा, अनुशासन और सेवा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के लिए सकारात्मक योगदान दें।

4
320 views