logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मलिन बस्ती में मनाया गया प्रियंका गांधी का जन्मदिवस।

गोरखपुर।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को गोरखपुर शहर में कांग्रेस पार्टी ने सामाजिक सरोकार और जनपक्षधर राजनीति का सशक्त संदेश दिया। कैंट क्षेत्र स्थित चारु चंद पूरी परिसर के समीप दलित एवं मलिन बस्ती में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिवस मनाया और खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर सफाई कर्मियों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, वहीं बच्चियों को कॉपी-पेन वितरित कर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के साथ कांग्रेस की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर उभरा।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दलित बस्ती के परिवारों से सीधा संवाद किया, बच्चों के साथ समय बिताया और प्रियंका गांधी के संघर्षशील, संवेदनशील एवं जनसमर्पित व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। नेताओं ने कहा कि प्रियंका गांधी की राजनीति सत्ता की नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई है। मलिन बस्ती में जन्मदिवस मनाकर यह संदेश दिया गया कि कांग्रेस की राजनीति जमीन से जुड़ी हुई है।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्व बिजय सिंह, दलित जोड़ो अभियान के प्रमुख नेता महेंद्र मोहन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रियंका गांधी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है।
कार्यक्रम में कांग्रेस की आगामी 100 दिवसीय कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

नेताओं ने बताया कि संविधान संवाद महापंचायत, मनरेगा बचाओ संग्राम जैसे आंदोलनों के माध्यम से रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दों को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हो रहे हमलों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेसवार्ता के दौरान आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई। कांग्रेस जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का कार्य करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि प्रियंका गांधी का जन्मदिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि गरीब, दलित और वंचित वर्ग के साथ खड़े रहने के संकल्प का दिन है। मलिन बस्ती में बच्चों और महिलाओं के साथ केक काटकर कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया कि उसकी राजनीति संवेदना, संघर्ष और संविधान के मूल्यों पर आधारित है।

डा राजकुमार मिश्रा की रिपोर्ट
गोरखपुर

20
1785 views

Comment