
ग्राम सभा बौरडीह में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला व बालिका जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जिला संवाददाता: जय प्रकाश त्रिपाठी
त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत मंगलवार को थाना त्रिलोकपुर क्षेत्र की ग्राम सभा बौरडीह में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना अध्यक्ष त्रिलोकपुर चंद्रकांत पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन, एंटी-रोमियो अभियान तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना आदि—के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस टीम द्वारा महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1076, 108, 1930, 1098 एवं 181 की जानकारी दी गई तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। मिशन शक्ति टीम में उप निरीक्षक कृष्ण कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक तल्लिमुद्दीन खान, कांस्टेबल सत्यप्रकाश यादव, महिला कांस्टेबल कंचन सिंह एवं प्रीति शामिल रहीं।