
महिला विश्वविद्यालय में लोहड़ी उत्सव का भव्य आयोजन
खानपुर कलां - 14 जनवरी।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां परिसर में स्थित सुभाषिनी देवी छात्रावास के सामने लोहड़ी उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, पारंपरिक उल्लास एवं सांस्कृतिक सौहार्द के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुदेश रहीं। इस उत्सव पर अपने संबोधन में कुलपति प्रो सुदेश ने लोहड़ी पर्व के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजक छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।लोहड़ी उत्सव के दौरान छात्राओं द्वारा पंजाबी संस्कृति पर आधारित पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गई, जिसमें पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं लोक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उपाधियाँ भी प्रदान की गईं। ‘लोहड़ी क्वीन’ का खिताब सुश्री याशिका को तथा ‘नचदे पंजाब दी शान’ का खिताब सुश्री पलक को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन सुश्री शिखा, निधि, खुशी, दीपिका, सोनिया एवं उनकी पूरी टीम द्वारा किया गया। मंच संचालन सुश्री शिखा मलिक ने किया।कार्यक्रम के अंत में अलाव प्रज्ज्वलन, पारंपरिक गीतों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ लोहड़ी उत्सव को उल्लासपूर्वक संपन्न किया गया। संपूर्ण आयोजन आनंद, उमंग एवं सांस्कृतिक एकता का प्रतीक रहा।इस अवसर पर चीफ वार्डन प्रो. शालिनी, सहायक चीफ वार्डन डॉ. दीपाली माथुर, व मुख्य सुरक्षा अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ अनिल बलहारा भी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन :-03 लोहड़ी उत्सव की आयोजक टीम के साथ महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश , कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव व अन्य।