logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सरगा में अवैध धान परिवहन का भंडाफोड़, 700 बोरी धान जब्त, प्रशासनिक कार्रवाई जारी

सरगा में अवैध धान परिवहन का भंडाफोड़, 700 बोरी धान जब्त, प्रशासनिक कार्रवाई जारी

सरगा/सीतापुर — पूरे छत्तीसगढ़ में इस समय समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। इस बार राज्य सरकार द्वारा सिस्टम में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिससे घोटालों और बिचौलियों की भूमिका पर काफी हद तक अंकुश लगा है। इसका असर यह देखने को मिल रहा है कि पहले की तुलना में इस बार धान खरीदी केंद्रों में बिचौलियों की सक्रियता कम है और प्रबंधक भी खुलकर मनमानी करने की स्थिति में नहीं हैं। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर अब भी अवैध रूप से धान खपाने के प्रयास सामने आ रहे हैं।

इसी कड़ी में सरगा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धान परिवहन का पर्दाफाश किया है। जानकारी के अनुसार एक किसान द्वारा दूसरे जिले से रात करीब 12 बजे ट्रक में 700 बोरी धान मंगाकर अपने घर में उतारने की कोशिश की जा रही थी। धान झारखंड से लाया गया था और सरगा में लक्ष्मीकांत के यहां अनलोड किया जा रहा था।

सूचना मिलते ही तहसीलदार गोविंद सिंहा नायब तहसीलदार तुषार मानिक, नायब तहसीलदार राजेश यादव एवं सहायक खाद्य अधिकारी सरस्वती रजवाड़े के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से धान उतारते हुए ट्रक को रंगे हाथ पकड़ लिया।

बताया जाता है कि ट्रक में कुल 700 बोरी धान लोड था, जिसमें से करीब 300 बोरी लक्ष्मीकांत के घर में उतारी जा चुकी थीं, जबकि 400 बोरी धान अभी ट्रक में ही मौजूद था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक सहित पूरे धान को जब्त कर लिया।

इस संबंध में नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने बताया कि मामले की जानकारी कलेक्टर को दे दी गई है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध धान परिवहन और खपाने वालों में हड़कंप मच गया है।

सीतापुर से सुनील गुप्ता की रिपोर्ट

454
8759 views

Comment