लखनऊ: इकाना अस्पताल में मानवता शर्मसार, इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद परिजनों से की गई अभद्रतालखनऊ के इकाना अस्पताल से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक
लखनऊ के इकाना अस्पताल से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों पर अमानवीय व्यवहार के आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, सहाबगंज निवासी अबरार अहमद को इलाज के लिए लखनऊ स्थित इकाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। जब परिजन अस्पताल से मृतक का शव लेने पहुंचे तो अस्पताल प्रशासन ने शव सौंपने से साफ इनकार कर दिया।
अस्पताल कर्मियों का कहना था कि जब तक इलाज की पूरी बकाया राशि जमा नहीं की जाएगी, तब तक शव नहीं दिया जाएगा। इस फैसले से शोक में डूबे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस घटना की सूचना जब इसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय ताहिर खान को मिली, तो वे तत्काल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए अस्पताल प्रशासन से बातचीत की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक ताहिर खान द्वारा शव सौंपने की मांग किए जाने पर अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति भी वहां पहुंच गया, जिसने माननीय विधायक से बदसलूकी करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर निजी अस्पतालों की मनमानी और संवेदनहीन रवैये पर बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर क्या इलाज के बाद मौत भी भुगतान की शर्तों में कैद हो गई है?
फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।