logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

Chhatarpur

छतरपुर में दिल दहला देने वाला मर्डर: पति ने ही रची पत्नी की हत्या की साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने खोला राज, प्लॉट का लालच देकर करवाई हत्या
(लखन राजपूत तेज इंडिया न्यूज)

छतरपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतिका के पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया है कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने पति ने ही साजिश रचकर करवाई थी। मृतिका कोमल यादव, निवासी सिंचाई कॉलोनी, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि कोमल की मौत गला दबाकर की गई थी। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की गई।
साजिश का खुलासा: प्लॉट का लालच देकर करवाई हत्या

पुलिस पूछताछ और एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर यह साफ हुआ कि पति दशरथ यादव ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की खौफनाक योजना बनाई। उसने अपने साथियों को प्लॉट दिलाने का लालच देकर हत्या को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, दशरथ यादव (पति, मुख्य आरोपी) निवासी सिंचाई कॉलोनी, छतरपुर, अर्जुन श्रीवास, निवासी ग्राम बसारी, हाल टीपी नगर, आशीष विश्वकर्मा, निवासी ग्राम दौनी, हाल टीपी नगर, आरती विश्वकर्मा, आशीष की पत्नी, निवासी ग्राम दौनी। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। मुख्य आरोपी दशरथ यादव पूर्व में भी मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के मामलों में संलिप्त रहा है, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति पहले से ही उजागर होती है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में CSP अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, उप निरीक्षक जितेंद्र सोनी, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा गुर्जर, एएसआई मदन मोहन दुबे, प्रधान आरक्षक राजीव मिश्रा, वीरेंद्र, आरक्षक धीरेंद्र सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में विधिवत कानूनी कार्यवाही की जा रही है। छतरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से बच नहीं सकता।

17
394 views

Comment